CM Yogi Panchagavya Scheme: उत्तर प्रदेश में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और गोवंश के संरक्षण के साथ-साथ उनके संवर्द्धन की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है. प्रदेश के सभी 75 जिलों में गो आधारित उत्पादों की बिक्री को बढ़ावा देने के लिए पंचगव्य उत्पादों के आउटलेट खोले जाने की व्यापक योजना तैयार की गई है. इसके माध्यम से पारंपरिक दूध, दही और घी के साथ-साथ गोबर और गोमूत्र से तैयार होने वाले आधुनिक व उपयोगी उत्पादों को भी बड़ा बाजार उपलब्ध कराया जाएगा.
किसानों के लिए खुलेंगे रोजगार के नए द्वार (Panchagavya Scheme For Farmers)
उत्तर प्रदेश गो सेवा आयोग के माध्यम से प्रस्तावित इस महत्वकांक्षी पहल का मुख्य उद्देश्य गोपालकों, किसानों और ग्रामीण उद्यमियों को गोवंश से प्राप्त संसाधनों के व्यावसायिक इस्तेमाल से जोड़ना है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुरूप गो आधारित उत्पादों के निर्माण और उनके मार्केटिंग को लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है.
आउटलेट पर क्या-क्या उत्पाद होंगे उपलब्ध? (Panchagavya Outlets In UP)
इन विशेष आउटलेट्स पर पूजा-पाठ में इस्तेमाल होने वाली सामग्री के साथ-साथ जैविक खाद, धूपबत्ती, अगरबत्ती, हवन सामग्री, दीये, गोबर के गमले और पर्यावरण अनुकूल सजावटी वस्तुएं उपलब्ध कराई जाएंगी. इसके अलावा पंचगव्य आधारित दैनिक उपयोग के विभिन्न उत्पाद भी बिक्री के लिए रखे जाएंगे, जिससे स्थानीय उत्पादकों को अपने हुनर और उत्पादों को बेचने के लिए एक सुव्यवस्थित मंच मिल सकेगा.
ये भी पढ़ें: सीएम योगी के प्रयासों से 9 लाख से अधिक घरों की छतों पर लगे सोलर प्लांट, जर्मनी-ऑस्ट्रेलिया को दे रहा टक्कर
उत्तर प्रदेश गो सेवा आयोग की बड़ी तैयारी (What Panchagavya Scheme)
उत्तर प्रदेश गो सेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता के अनुसार, गो आधारित उत्पादों की श्रेणियों का दायरा बढ़ाकर उन्हें सीधे बाजार से जोड़ने की पूरी तैयारी कर ली गई है. इस योजना के तहत गोपालकों और किसानों से लेकर ग्रामीण उद्यमियों और स्वयंसहायता समूहों (SHGs) की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है. स्थानीय स्तर पर उत्पाद तैयार करने, उनकी बेहतरीन पैकेजिंग और विपणन से छोटे उद्यमियों के लिए भी आर्थिक उन्नति के नए रास्ते खुलेंगे.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




