प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक और ऐतिहासिक कीर्तिमान अपने नाम कर लिया है. वे भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक निरंतर पद पर रहने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं. इस गौरवशाली उपलब्धि पर उन्हें दुनिया भर से बधाई संदेश मिल रहे हैं. इसी बीच सर्बिया के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वुचिच ने पीएम मोदी को एक बेहद खास और आत्मीय बधाई संदेश भेजा, जिस पर प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार (14 जून) को पोस्ट कर उनका दिल से आभार जताया है.
4,399 दिनों का ऐतिहासिक कार्यकाल
आपको बता दें कि 10 जून 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के पहले पीएम पंडित जवाहरलाल नेहरू के नाम दर्ज एक बड़े रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया. पंडित नेहरू का निरंतर कार्यकाल 4,398 दिनों का था, जबकि पीएम मोदी ने लगातार 4,399 दिन पूरे कर देश के इतिहास में सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री का तमगा हासिल कर लिया है. इसी ऐतिहासिक मौके पर सर्बियाई राष्ट्रपति ने उन्हें बधाई दी.
Thank you President Vučić for your warm and heartfelt wishes.
I fondly recall your recent visit to India and our productive discussions. India deeply values its friendship with Serbia and I look forward to working together to further strengthen our partnership in the years… https://t.co/dVZnPPrFc6
— Narendra Modi (@narendramodi) June 14, 2026
राष्ट्रपति वुचिच के संदेश का जवाब देते हुए पीएम मोदी ने कहा, ‘राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वुचिच का स्नेहपूर्ण बधाई संदेश पाकर बेहद खुशी हुई. मैं आपकी हालिया भारत यात्रा और हमारे बीच हुई फलदायी चर्चाओं को बहुत चाव से याद करता हूं. भारत, सर्बिया के साथ अपनी बरसों पुरानी दोस्ती को बहुत अहमियत देता है. आने वाले सालों में हमारी इस साझेदारी को और मजबूत करने के लिए मैं आपके साथ मिलकर काम करने को उत्सुक हूं.’
रक्षा से लेकर डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर पर जोर
भारत और सर्बिया के रिश्ते हाल के दिनों में काफी मजबूत हुए हैं. अभी कुछ समय पहले ही भारत में आयोजित ‘AI इम्पैक्ट समिट’ के दौरान दोनों नेताओं के बीच एक बेहद अहम द्विपक्षीय बैठक हुई थी. इस मुलाकात में भारत और सर्बिया के बीच रक्षा (Defense), विनिर्माण (Manufacturing), डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर (DPI), उर्वरक और बुनियादी ढांचे जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर बहुत बारीक और सकारात्मक चर्चा हुई थी.
दोनों देशों के बीच का यह ताजा कूटनीतिक संवाद यह साफ दिखाता है कि भारत और सर्बिया न सिर्फ एक-दूसरे का सम्मान करते हैं, बल्कि लोकतंत्र, संप्रभुता और विकास के साझा रास्तों पर चलते हुए अपने रणनीतिक और आर्थिक संबंधों को एक नई ऊंचाई पर ले जाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं.
ये भी पढ़ें: सायोनी-माला पर चला ममता का चला चाबुक! चाय में पड़ी मक्खी की तरह कर दिया साइड
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


