Gold Silver Price Today: अगर आप सोना या चांदी खरीदने की सोच रहे हैं, तो इस हफ्ते आपको तगड़ा झटका लगा है. डॉलर इंडेक्स में गिरावट और वैश्विक बाजारों के असर से घरेलू बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में भारी उछाल आया है. इस हफ्ते सोना जहां 6 हजार रुपये से ज्यादा महंगा हो गया, वहीं चांदी की कीमतों में तो करीब 17 हजार रुपये से ज्यादा की जबरदस्त तेजी दर्ज की गई है.
इस हफ्ते सोने के भाव में कितना आया उछाल?
इंडिया बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के आंकड़ों पर नजर डालें तो इस हफ्ते सोने के सभी कैरेट के दामों में बड़ी बढ़त देखी गई है. 24 कैरेट शुद्ध सोना इस हफ्ते की शुरुआत में 1,39,873 रुपये पर था, जो 6,471 रुपये की छलांग लगाकर 1,46,344 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है. वहीं 22 कैरेट ज्वेलरी वाले सोने की कीमत भी 1,28,124 रुपये से बढ़कर अब 1,34,051 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई है.
अगर इस पूरे हफ्ते का उतार-चढ़ाव देखें, तो सोने का सबसे कम दाम 1 जुलाई की सुबह 1,39,434 रुपये रहा, जबकि 3 जुलाई की शाम को इसने 1,46,344 रुपये का अपना उच्चतम स्तर छू लिया.
चांदी ने भी तोड़े सारे रिकॉर्ड
सोने के साथ-साथ चांदी खरीदने वालों के पसीने भी छूट रहे हैं. चांदी की कीमत 17,317 रुपये की भारी-भरकम तेजी के साथ 2,33,858 रुपये प्रति किलो पर जा पहुंची है, जो पहले 2,16,541 रुपये थी. चांदी का भी इस हफ्ते का सबसे उच्चतम स्तर 3 जुलाई की शाम को ही देखने को मिला.
ये भी पढ़ें- आधार कार्ड धारकों की मौज! अब इस तारीख तक फ्री में अपडेट होगी ये जानकारी, UIDAI ने बढ़ाई डेडलाइन
आखिर क्यों अचानक महंगी हुईं कीमती धातुएं?
अब आप सोच रहे होंगे कि अचानक बाजार में ऐसा क्या हुआ? अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस समय सोने का दाम 4,170 डॉलर प्रति औंस और चांदी 62 डॉलर प्रति औंस के करीब ट्रेड कर रही है.
मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में आई नरमी के कारण महंगाई बढ़ने की आशंका थोड़ी कम हुई है. इसके अलावा, पिछले दो दिनों से डॉलर इंडेक्स में लगातार कमजोरी देखी जा रही है. जब भी डॉलर कमजोर होता है तो निवेशकों का भरोसा सोने-चांदी जैसी कीमती धातुओं पर बढ़ जाता है जिससे इनके दामों को तगड़ा सपोर्ट मिलता है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.






