Urdu Conclave 2026

‘कर्नाटक केसरी’ जगन्नाथ राव जोशी को नेताओं ने किया नमन, अमित शाह ने भी दी श्रद्धांजलि

गोवा मुक्ति आंदोलन के अग्रणी नेता और ‘कर्नाटक केसरी’ जगन्नाथ राव जोशी की पुण्यतिथि पर गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और भाजपा नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की.

Jagannath Rao Joshi

गोवा मुक्ति आंदोलन के अग्रणी नायक और ‘कर्नाटक केसरी’ जगन्नाथ राव जोशी की पुण्यतिथि पर गृह मंत्री अमित शाह ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “जगन्नाथराव जोशी जी को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि. गोवा मुक्ति आंदोलन के स्तंभ, कर्नाटक के केसरी जगन्नाथराव जोशी जी एक देशभक्त कर्मयोगी थे, जिन्होंने गोवा में परमिट राज को समाप्त करने के लिए अमानवीय अत्याचार सहे.”

उन्होंने आगे कहा कि, “भाजपा के आदर्शों और संगठन को राष्ट्रव्यापी स्तर पर फैलाने में उनकी राजनीतिक सूझबूझ युवा नेताओं को प्रेरित करती रहेगीठ.”

रक्षा मंत्री ने भी दी श्रद्धांजलि

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ‘कर्नाटक केसरी’ के नाम से विख्यात वरिष्ठ जनसंघ नेता जगन्नाथ राव जोशी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वे महान नेता, असाधारण संगठनकर्ता और राष्ट्रीय एकता के अथक पैरोकार थे. उन्होंने कहा कि राष्ट्र के प्रति उनकी अटूट निष्ठा गोवा मुक्ति आंदोलन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका से झलकती थी, जबकि छुआछूत जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ उनका निडर रुख एक न्यायपूर्ण और समरस समाज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है. राजनाथ सिंह ने कहा कि सादगी, तीक्ष्ण बुद्धि और मातृभूमि के प्रति समर्पण के लिए पहचाने जाने वाले जोशी ने अपना पूरा जीवन जनसेवा को समर्पित किया और उनके आदर्श आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे.

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने भी जगन्नाथ राव जोशी को श्रद्धांजलि देते हुए उन्हें भारतीय जनसंघ के वरिष्ठ नेता, गोवा मुक्ति आंदोलन के अग्रणी नेतृत्वकर्ता और ‘कर्नाटक केसरी’ बताया. उन्होंने कहा कि गोवा में भारतीयों के प्रवेश पर लागू परमिट व्यवस्था समाप्त कराने में जोशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही और गोवा को भारत का अभिन्न अंग बनाने में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा.


ये भी पढ़ें: CM भूपेंद्र पटेल के जन्मदिन पर गृह मंत्री ने दी बधाई, अमित शाह बोले- गुजरात की विकास यात्रा को आगे बढ़ा रहे हैं सीएम


बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने दी श्रद्धांजलि

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने उन्हें प्रखर राष्ट्रवादी विचारक और गोवा मुक्ति संग्राम के अग्रणी सेनानी बताते हुए कहा कि उन्होंने प्रभावशाली वक्ता और कुशल संगठनकर्ता के रूप में राष्ट्रवादी विचारधारा को मजबूत किया तथा भारतीय जनसंघ के विस्तार को नई दिशा दी.

कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष विजयेंद्र येदियुरप्पा ने भी जगन्नाथ राव जोशी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने देश को धर्म और संगठन को जीवन का मार्ग मानकर अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित किया. उन्होंने कहा कि संगठन और राष्ट्रसेवा के प्रति जोशी की अटूट निष्ठा, समर्पण और कर्मयोग आज भी पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणास्रोत हैं. विजयेंद्र ने कहा कि राष्ट्रीयता का जो दीप जगन्नाथ राव जोशी ने प्रज्वलित किया, उसकी ज्योति आज भी लाखों कार्यकर्ताओं के हृदयों में राष्ट्रसेवा और राष्ट्रीय एकता की भावना को प्रकाशित कर रही है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read