Urdu Conclave 2026

‘बाप के दम पर सीएम बने अखिलेश यादव…’ ओपी राजभर का बड़ा हमला, मुलायम का नाम लेकर क्यों कहा ‘बदकिस्मत’?

OP Rajbhar on akhilesh yadav: सुभासपा प्रमुख और यूपी सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोलते हुए 2012 की सपा सरकार के दौरान कानून-व्यवस्था, हिंसा और अराजकता के आरोप लगाए.

OP Rajbhar on akhilesh yadav

OP Rajbhar on akhilesh yadav: उत्तर प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी का दौर लगातार तेज होता जा रहा है. इसी बीच सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और योगी सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर (OP Rajbhar) ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) पर एक बार फिर तीखा हमला बोला है. राजभर ने 2012 में बनी समाजवादी पार्टी की सरकार का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि उस समय प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ गई थी और कई जगह जातीय व सांप्रदायिक तनाव देखने को मिला था.

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किए गए अपने पोस्ट में राजभर ने लिखा कि 2012 में पिता के दम पर अखिलेश यादव का मुख्यमंत्री बनना उत्तर प्रदेश के लिए दुर्भाग्यपूर्ण साबित हुआ. उन्होंने दावा किया कि सत्ता संभालने के बाद प्रदेश का माहौल तेजी से बिगड़ा और कई इलाकों में हिंसा की घटनाएं सामने आईं. राजभर ने यह भी आरोप लगाया कि उस दौर में राज्य की स्थिति ऐसी हो गई थी कि लोगों में असुरक्षा का माहौल बन गया था.

हिंसा फैलने का लगाया आरोप

ओपी राजभर ने अपने बयान में कहा कि समाजवादी पार्टी की चुनावी जीत के महज 36 घंटे के भीतर उसके कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के कई जिलों में उपद्रव किया. उनके मुताबिक, विशेष रूप से नौ जिलों में अति पिछड़े और दलित समुदाय के गांवों को निशाना बनाया गया. उन्होंने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर आगजनी की घटनाएं हुईं, लोगों की जान गई और पुलिस मूकदर्शक बनी रही.

राजभर का कहना है कि उस समय प्रशासन हालात पर प्रभावी ढंग से नियंत्रण नहीं कर पाया. उन्होंने दावा किया कि हिंसा के दौरान प्रभावित लोगों को समय पर सुरक्षा नहीं मिली, जिससे कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हुए.

अंबेडकरनगर की घटना का भी किया जिक्र

अपने हमले में राजभर ने अंबेडकरनगर की एक घटना का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि अकबरपुर विधानसभा सीट से चुनाव हारने वाले बहुजन समाज पार्टी के एक पूर्व मंत्री की राइस मिल तक आग के हवाले कर दी गई थी. उनके अनुसार, उस समय पूर्व मंत्री अपने गांव में लगी आग बुझाने में लगे थे, जबकि उनकी राइस मिल भी जल रही थी. राजभर ने यह भी आरोप लगाया कि उस दौरान स्थानीय पुलिस असमंजस की स्थिति में थी और प्रभावी कार्रवाई नहीं कर सकी. उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी तरह असहाय दिखाई दे रहा था और हिंसा पर समय रहते काबू नहीं पाया जा सका.


ये भी पढ़ें: ‘बंद कमरे’ का सीक्रेट! नरोत्तम, आशुतोष छूटे, दतिया उपचुनाव में कांग्रेसी अवधेश नायक क्यों बने BJP के केंद्र?


सपा की सरकार का मतलब अराजकता- राजभर

अपने बयान के अंत में ओपी राजभर ने समाजवादी पार्टी पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि जब भी सपा सत्ता में आती है, प्रदेश में अराजकता और हिंसा का माहौल बन जाता है. उन्होंने यह भी कहा कि यही वजह है कि वह बार-बार दावा करते हैं कि समाजवादी पार्टी की सरकार उत्तर प्रदेश के लिए ठीक नहीं रही. उन्होंने आगे कहा कि, “इसलिए राजभर कहता है, सपा का आना मतलब, उत्तर प्रदेश का पश्चिम बंगाल का बन जाना.”

हालांकि, इस पूरे मामले में समाजवादी पार्टी या अखिलेश यादव की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. ऐसे में राजभर के इन आरोपों पर सियासी बहस और तेज होने की संभावना हैय. आने वाले दिनों में इस बयान को लेकर प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर और गर्म हो सकता है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read