Bharat Express DD Free Dish

एंटीक सिक्कों का झांसा, फ्लैट में बिछाया हनीट्रैप का जाल! व्यापारी को बनाया बंधक, अश्लील तस्वीरों से वसूले ₹4.35 लाख

Mehsana Honey Trap Case: मेहसाणा में हनीट्रैप गिरोह ने एंटीक सिक्के खरीदने का लालच देकर व्यापारी को फ्लैट बुलाया और अश्लील तस्वीरों से ब्लैकमेल कर ₹4.35 लाख की उगाही की. पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर नकदी और सोने के आभूषण बरामद किए हैं, जबकि तीन अन्य आरोपी अब भी फरार हैं.

Mehsana Honey Trap Case

Mehsana Honey Trap Case

Mehsana Honey Trap Case: गुजरात के मेहसाणा में हनीट्रैप के एक संगठित गिरोह का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, एंटीक सिक्के खरीदने का लालच देकर एक व्यापारी को फ्लैट में बुलाया गया. वहां उसे कथित तौर पर बंधक बनाकर मारपीट की गई, महिला के साथ आपत्तिजनक तस्वीरें खींची गईं और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर लाखों रुपये की उगाही की गई. इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन अन्य की तलाश जारी है.

फोन कॉल से शुरू हुई साजिश

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता 10 जुलाई 2026 को अहमदाबाद से पाटन जा रहे थे. इसी दौरान उनके मोबाइल पर नयना नाम की महिला का फोन आया. महिला ने खुद को एंटीक सिक्कों की खरीदार बताते हुए मेहसाणा के खुशबू अपार्टमेंट में मिलने के लिए बुलाया. व्यापारी जैसे ही फ्लैट पहुंचे, महिला ने दरवाजा बंद कर दिया। आरोप है कि कमरे में पहले से मौजूद दो युवकों ने उन्हें जबरन अंदर ले जाकर कपड़े उतरवाए और महिला के साथ आपत्तिजनक तस्वीरें खींच लीं.

अश्लील तस्वीरों से ब्लैकमेल, की मारपीट

शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने व्यापारी के साथ बेल्ट से मारपीट की और गाली-गलौज की. इसके बाद उनकी जेब से नकदी, आधार कार्ड और विजिटिंग कार्ड निकालकर उनकी तस्वीरें भी ली गईं. गिरोह ने धमकी दी कि यदि तीन लाख रुपये नहीं दिए गए तो आपत्तिजनक तस्वीरें उनकी पत्नी और बेटे को भेज दी जाएंगी और सोशल मीडिया पर वायरल कर दी जाएंगी.

यह भी पढे़ं: Maruti Suzuki को कंज्यूमर कोर्ट का बड़ा झटका! खराब Grand Vitara लौटाएं या ग्राहक को दें 20.50 लाख रुपये

सोने के गहने और नकदी भी छीनी

आरोप है कि बदमाशों ने व्यापारी के गले से करीब 18 ग्राम सोने की रुद्राक्ष माला और हाथों से दो सोने की अंगूठियां उतरवा लीं. इसके अलावा गिरोह ने व्यापारी के एक परिचित से पाटन में 50 हजार रुपये भी मंगवाए. पूरी वारदात में नकदी, जेवर और अन्य सामान मिलाकर करीब 4.35 लाख रुपये की उगाही की गई.

दो आरोपी गिरफ्तार, तीन की तलाश जारी

शिकायत मिलने के बाद मेहसाणा शहर ‘ए’ डिवीजन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विक्रम पटेल उर्फ विक्की और विमलसिंह वाघेला को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने उनके कब्जे से 50 हजार रुपये नकद और करीब 1.75 लाख रुपये कीमत की दो सोने की अंगूठियां बरामद की हैं.

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read