Snake in School Bag: मध्य प्रदेश के सागर जिले से एक बेहद चौंकाने वाली और डराने वाली घटना सामने आई है. यहां एक प्राथमिक विद्यालय में पढ़ने वाले मासूम बच्चे के स्कूल बैग से अचानक एक जीवित नागिन निकल आई, जिसके बाद क्लासरूम में हड़कंप मच गया.
सागर जिले के चांदपुर शासकीय प्राथमिक विद्यालय में नर्सरी के छात्र भास्कर अहिरवार के स्कूल बैग में करीब डेढ़ फीट लंबी नागिन छिपकर बैठ गई थी. स्कूल में जैसे ही बच्चे ने बैग खोला, नागिन फुफकारती हुई बाहर आ गई. स्कूल में अफरा-तफरी मचने पर शिक्षक अभय यादव ने बहादुरी दिखाई. उन्होंने बैग को सुरक्षित बाहर ले जाकर नागिन का रेस्क्यू किया और उसे जंगल में छोड़ दिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया.
मासूम के बैग खोलते ही सामने आ गई मौत (Monsoon snake warning)
मध्य प्रदेश के सागर जिले के रहली विकासखंड के चांदपुर स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय में रोज की तरह चहल-पहल थी. नर्सरी का छात्र भास्कर अहिरवार सुबह अपनी पीठ पर बस्ता टांगकर स्कूल पहुंचा. प्रार्थना के बाद जैसे ही क्लास शुरू हुई, भास्कर ने अपनी किताब निकालने के लिए स्कूल बैग की चेन खोली. लेकिन चेन खुलते ही जो हुआ, उसने बच्चे के होश उड़ा दिए. बैग के अंदर सूखी जगह पाकर बैठी करीब डेढ़ फीट लंबी नागिन अचानक फुफकारती हुई बाहर आने लगी.
क्लासरूम में दहशत का माहौल (School teacher rescues snake)+
सामने साक्षात मौत को देखकर मासूम भास्कर बुरी तरह घबरा गया. वह चीखते हुए बस्ता वहीं छोड़कर क्लास से बाहर भागा. उसे भागते देख कक्षा के दूसरे बच्चों की नजर भी नागिन पर पड़ी और देखते ही देखते पूरी क्लास में हड़कंप मच गया. बच्चे डर के मारे चिल्लाने लगे और जान बचाने के लिए कमरे से बाहर की तरफ भागे. कुछ ही सेकंड में स्कूल परिसर में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
शिक्षक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा (Rehli Chandpur school incident)
शोर सुनकर स्कूल के शिक्षक अभय यादव तुरंत मौके पर पहुंचे. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने सबसे पहले सभी रोते-चिल्लाते बच्चों को स्कूल भवन से बाहर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया. इसके बाद शिक्षक ने अपनी जान की परवाह न करते हुए बेहद सावधानी से सांप वाले बैग को उठाया और उसे स्कूल से दूर सड़क किनारे ले गए. जैसे ही बैग को जमीन पर रखा गया, नागिन गुस्से में बाहर निकल आई. शिक्षक ने बिना डरे सूझबूझ दिखाई और नागिन को सुरक्षित तरीके से पकड़कर एक प्लास्टिक के डिब्बे में कैद कर लिया, जिसे बाद में जंगल में छोड़ दिया गया.
अभिभावकों के लिए बड़ी चेतावनी (Snake rescue by teacher)
इस घटना के बाद इलाके में शिक्षक अभय यादव की बहादुरी की जमकर तारीफ हो रही है. हालांकि, इस घटना ने सभी माता-पिता के लिए एक बड़ी चेतावनी जारी की है. वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार, बारिश के मौसम में सांप सूखी और गर्म जगह की तलाश में घरों, जूते-चप्पलों, गाड़ियों और बच्चों के बैग तक में घुस जाते हैं. इसलिए स्कूल भेजने से पहले बच्चों की किताबों, बैग और जूतों को अच्छी तरह से झाड़कर चेक करना बेहद जरूरी है.
यह भी पढ़ें: कौन हैं वो मुस्लिम भक्त जिसकी मजार पर आज भी रुकती है भगवान जगन्नाथ की यात्रा? जानिए पूरी कहानी
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



