Tattoo Safety: आजकल युवाओं में टैटू बनवाने का क्रेज सिर चढ़कर बोल रहा है. स्टाइल और फैशन के चक्कर में लोग बिना सोचे-समझे कहीं भी टैटू बनवाने पहुंच जाते हैं, लेकिन यही शौक कभी-कभी जिंदगी भर का दर्द दे सकता है. ऐसा ही एक हैरान करने वाला मामला कानपुर से सामने आया है, जहां दिल्ली में टैटू बनवाकर लौटी एक महिला जांच के दौरान HIV पॉजिटिव पाई गई है. कानपुर के हैलेट अस्पताल में हुई इस जांच के बाद डॉक्टरों ने असुरक्षित तरीके से टैटू बनवाने को लेकर एक गंभीर चेतावनी जारी की है.
टैटू बनवाने के बाद बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार, महिला ने कुछ समय पहले दिल्ली के किसी स्टूडियो या दुकान से टैटू बनवाया था. इसके कुछ वक्त बाद ही उसकी तबीयत बिगड़ने लगी. महिला को प्राइवेट पार्ट में इन्फेक्शन से जुड़े लक्षण महसूस हुए, जिसके बाद उसने कानपुर के हैलेट अस्पताल में डॉक्टरों से संपर्क किया. डॉक्टरों को जब शक हुआ, तो उन्होंने महिला के कुछ जरूरी ब्लड टेस्ट करवाए. जब रिपोर्ट्स आईं, तो महिला की HIV रिपोर्ट पॉजिटिव निकली.
एक सुई और जिंदगी भर का दर्द
हैलेट अस्पताल के डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. श्वेतांका ने बताया कि टैटू बनवाते समय सबसे ज्यादा लापरवाही स्वच्छता और सुई को लेकर होती है. डॉक्टरों का कहना है कि टैटू पार्लर में अगर आर्टिस्ट एक ही सुई का इस्तेमाल कई लोगों पर कर देता है, या उपकरणों को ठीक से साफ नहीं करता, तो खून के जरिए संक्रमण फैलने का खतरा सबसे ज्यादा होता है. ऐसी स्थिति में HIV के अलावा हेपेटाइटिस-बी और हेपेटाइटिस-सी जैसी खतरनाक बीमारियां एक इंसान से दूसरे इंसान में बेहद आसानी से ट्रांसफर हो जाती हैं.
इसके अलावा, डॉक्टर बताते हैं कि टैटू में इस्तेमाल होने वाली रंगीन स्याही, खासकर लाल और हरे रंग की इंक, त्वचा के लिए काफी नुकसानदायक हो सकती है. इससे स्किन एलर्जी, सूजन, खुजली और गांठ जैसी गंभीर दिक्कतें हो सकती हैं.
टैटू बनवाने से पहले रखें इन बातों का ध्यान
टैटू हमेशा किसी रजिस्टर्ड और भरोसेमंद स्टूडियो से ही बनवाएं. आर्टिस्ट के सामने इस बात पु्ष्टि जरूर करें कि आपके लिए बिल्कुल नई और सीलपैक सुई का इस्तेमाल किया जाने वाला है.
इसके अलावा, किसी लोकल या सड़क किनारे बैठने वाले टैटू वाले से दूरी बनाएं, क्योंकि वहां इन्फेक्शन का खतरा सबसे ज्यादा होता है.
ये भी पढ़ें: दरभंगा वालों जरा बच के! शहर में आया ‘बाल काटने’ वाला गैंग, अबतक कितने हुए शिकार?
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
