Bharat Express DD Free Dish

10 रुपये की चाउमीन पर बवाल! तमंचा लेकर पहुंचे युवक को भीड़ ने जमकर पीटा, VIDEO वायरल

Firozabad Viral Video: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में 10 रुपये की चाउमीन को लेकर विवाद हिंसक हो गया. तमंचा लेकर पहुंचे आरोपी को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. घटना का वीडियो वायरल.

Up news: फिरोजाबाद/विष्णु कुमार: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद से उधार चाउमीन न मिलने पर दबंगई का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. थाना उत्तर क्षेत्र के झील की पुलिया के पास स्थित एक चाउमीन की दुकान पर उधार को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया. आरोप है कि विमल नाम का एक युवक दुकान पर पहुंचा और उधार चाउमीन मांगने लगा. दुकानदार द्वारा उधार देने से इनकार करने पर आरोपी गाली-गलौज करने लगा और वहां से चला गया.

साथियों और तमंचे के साथ लौटे आरोपी

कुछ ही देर बाद आरोपी अपने कुछ साथियों के साथ दोबारा मौके पर पहुंचा. बताया जा रहा है कि उनके हाथों में देशी तमंचा था, जिसे लहराकर उन्होंने आसपास के लोगों में दहशत फैलाने की कोशिश की. इस दौरान आरोपियों ने मारपीट भी की, जिसमें संजय और विकास नाम के दो लोग घायल हो गए. अचानक हुई इस घटना से बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे.

भीड़ ने दिखाई हिम्मत

हालांकि इस बार दबंगों की धमकी ज्यादा देर तक नहीं चल सकी. मौके पर मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए एक आरोपी को घेर लिया और उसके हाथ में मौजूद देशी तमंचे समेत उसे पकड़ लिया. आरोपी के पकड़े जाने के बाद गुस्साई भीड़ ने उसकी जमकर पिटाई कर दी. बाद में स्थानीय लोगों ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया.


ये भी पढ़ें: शादी के दबाव में आशिक बना जल्लाद! जहर का इंजेक्शन देकर प्रेमिका को मारा, मेरठ के अस्पताल में खूनी खेल


घटना का वीडियो वायरल

इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में कथित तौर पर आरोपी को तमंचा लहराते हुए और बाद में भीड़ के हत्थे चढ़ते देखा जा सकता है. घटना की सूचना मिलते ही थाना उत्तर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने पकड़े गए आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. साथ ही अन्य आरोपियों की तलाश भी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read