Delhi Traffic Advisory: दिल्ली में आज से संसद का मानसून सत्र शुरू हो रहा है. इसी बीच क्रॉक्रोच जनता पार्टी ने संसद मार्च का ऐलान किया है. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है. नई दिल्ली और सेंट्रल दिल्ली के कई अहम मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन और आवाजाही पर रोक रहेगी. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बाहर निकलने से पहले ट्रैफिक प्लान जरूर देख लें.
दिनभर रहेगा असर
पुलिस ने कहा है कि सुरक्षा कारणों से कई सड़कों और चौराहों पर दिनभर यातायात प्रभावित रहेगा. लोगों को सलाह दी गई है कि वे प्रतिबंधित मार्गों से बचें और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें.
किन चौराहों पर दबाव रहेगा?
विजय चौक, पटेल चौक राउंडअबाउट, बोट क्लब, रेल भवन राउंडअबाउट, सुनहरी मस्जिद राउंडअबाउट, बूटा सिंह राउंडअबाउट, प्राइम चौक राउंडअबाउट, GRG राउंडअबाउट और जलेबी चौक राउंडअबाउट पर ट्रैफिक का दबाव रहेगा.
किन सड़कों पर जाने से बचें?
रफी मार्ग, मोतीलाल नेहरू मार्ग, मौलाना आजाद रोड, के. कामराज मार्ग, रायसीना रोड, राजेंद्र प्रसाद रोड, पार्लियामेंट स्ट्रीट, अशोक रोड, तालकटोरा रोड, पंडित पंत मार्ग और रकाबगंज गुरुद्वारा रोड पर आवाजाही से बचने की सलाह दी गई है.
वैकल्पिक रास्ते कौन?
जनपथ, मान सिंह रोड, अकबर रोड, तीन मूर्ति मार्ग, शांति पथ, मौलाना अब्दुल कलाम आजाद रोड, कमाल अतातुर्क मार्ग, पंचशील मार्ग, विनय मार्ग, आउटर सर्कल (कनॉट प्लेस), बाबा खड़क सिंह मार्ग, आरएमएल राउंडअबाउट, मदर टेरेसा क्रिसेंट रोड, 11 मूर्ति और सरदार पटेल मार्ग को वैकल्पिक रास्ते के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है.
सुरक्षा व्यवस्था
जंतर-मंतर, पार्लियामेंट स्ट्रीट, सेंट्रल विस्टा, कनॉट प्लेस और शंकर चौक पर थ्री-टियर सुरक्षा ग्रिड बनाया गया है. इसमें दिल्ली पुलिस की दो परतें और पैरामिलिट्री फोर्स की एक परत शामिल है. रैपिड रिस्पॉन्स टीमें चौबीसों घंटे तैयार रहेंगी.
पुलिस की चेतावनी
नई दिल्ली के DCP सचिन शर्मा ने सोशल मीडिया पर लिखा कि किसी भी विरोध मार्च या जुलूस के लिए अनुमति नहीं मांगी गई और न ही दी गई है. उन्होंने बताया कि BNSS की धारा 163 (पुरानी धारा 144) लागू कर दी गई है. इसके तहत पांच या उससे ज्यादा लोगों के जमा होने, जुलूस निकालने या धरना देने पर रोक रहेगी. केवल जंतर-मंतर पर पूर्व अनुमति के साथ शांतिपूर्ण प्रदर्शन की छूट होगी.
कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने कहा कि आदेशों का उल्लंघन करने वालों पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 और अन्य प्रावधानों के तहत केस दर्ज होगा. नागरिकों से कानून का सम्मान करने और किसी भी अनधिकृत मार्च में शामिल न होने की अपील की गई है.
सुरक्षा बलों की तैनाती
नई दिल्ली को सुरक्षा के लिहाज से 15 जोन में बांटा गया है. पुलिस और CAPF की 25 से ज्यादा बटालियनें तैनात हैं, जिनमें महिला स्टाफ भी शामिल है. सुबह 4 बजे से ही सुरक्षा बल मुस्तैद हैं. वरिष्ठ अधिकारियों को अलग-अलग इलाकों की जिम्मेदारी दी गई है.
ये भी पढ़ें-सावधान हो जाइए… मानसून फिर से पकड़ने वाली है रफ्तार, 20 राज्यों में बारिश का अलर्ट
पांच हजार जवान तैनात
करीब 5 हजार से ज्यादा पुलिस और पैरामिलिट्री जवान तैनात किए गए हैं. जंतर-मंतर पर आने-जाने वालों और प्रदर्शनकारियों पर पैनी नजर रखी जा रही है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


