Bharat Express DD Free Dish

गौतम अडानी ला रहे हैं नई एयरलाइन? अफवाहों पर बयान जारी करके अडानी ग्रुप ने बताई सच्चाई

अडानी एंटरप्राइजेज ने नई कॉमर्शियल एयरलाइन शुरू करने की खबरों को पूरी तरह खारिज करते हुए इन्हें बेबुनियाद बताया है. कंपनी ने कहा कि वह फिलहाल एयरलाइन लॉन्च करने की किसी योजना पर काम नहीं कर रही और निवेशकों से केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है.

Adani Airlines Reality Check: देश के दिग्गज कारोबारी समूह ‘अडानी ग्रुप’ की फ्लैगशिप कंपनी ‘अडानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड’ को लेकर पिछले कुछ दिनों से मीडिया और शेयर बाजार में एक बड़ी खबर तेजी से गश्त लगा रही थी. दरअसल बाजार में यह अटकलें जोरों पर थीं कि एयरपोर्ट बिजनेस में झंडे गाड़ने के बाद अब अडानी ग्रुप खुद की कॉमर्शियल एयरलाइन कंपनी लॉन्च करने की तैयारी में है.

हालांकि, इन तमाम अटकलों और बाजार में तैर रही खबरों को पूरी तरह से खारिज करते हुए गुरुवार को अहमदाबाद से अडानी एंटरप्राइजेज ने अपना आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी किया है. कंपनी ने मीडिया रिपोर्ट्स और मार्केट रूमर्स को सिरे से नकारते हुए साफ कर दिया है कि एयरलाइन शुरू करने का उनका कोई प्लान नहीं है.

कंपनी ने बयान जारी कर क्या कहा?

अडानी एंटरप्राइजेज के प्रवक्ता ने एक औपचारिक बयान जारी करते हुए कहा कि एयरलाइन इंडस्ट्री में कदम रखने की जो भी खबरें मीडिया के कुछ वर्गों और बाजार में फैलाई जा रही हैं, वे पूरी तरह से मनगढ़ंत, तथ्यहीन और बेबुनियाद हैं. कंपनी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वह एविशन सेक्टर में किसी नई कॉमर्शियल एयरलाइन को लॉन्च करने के किसी भी प्रस्ताव पर न तो विचार कर रही है और न ही यह उसकी बिजनेस स्ट्रैटेजी का हिस्सा है.

इसके अलावा कंपनी ने शेयरधारकों, निवेशकों और आम जनता से अपील की है कि वे इस तरह की असत्यापित अफवाहों और खबरों पर बिल्कुल भी भरोसा न करें, क्योंकि इससे बाजार में बेवजह का भ्रम पैदा होता है.

यह भी पढ़ें: ‘पेपर लीक के गुनहगारों को बख्शेंगे नहीं…’, पीएम मोदी का देश के नाम बड़ा संदेश, बनेगा नया कानून?

आधिकारिक सूचनाओं पर ही करें भरोसा

अडानी एंटरप्राइजेज ने अपने बयान में जोर देकर कहा है कि कंपनी का ध्यान फिलहाल अपने मौजूदा प्रोजेक्ट्स, इंफ्रास्ट्रक्चर, एनर्जी और कोर सेक्टर्स के विस्तार पर है. कंपनी का कहना है कि जब भी किसी नए बिजनेस में कदम रखने या बड़े रणनीतिक फैसले की बात होगी, तो उसकी जानकारी आधिकारिक चैनलों और स्टॉक एक्सचेंजों के माध्यम से सबसे पहले साझा की जाएगी. कंपनी ने अपने निवेशकों और शेयरधारकों के हितों की सुरक्षा के लिए इस तरह के भ्रामक दावों से दूर रहने और केवल आधिकारिक बयानों पर ही भरोसा करने की सख्त हिदायत दी है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read