Akash Deep Mukesh Kumar DSP
Akash Deep Mukesh Kumar DSP: बिहार का नाम रोशन करने वाले भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज आकाश दीप और मुकेश कुमार को राज्य सरकार ने बड़ा सम्मान दिया है. शुक्रवार, 24 जुलाई को दोनों क्रिकेटरों को बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना के तहत पुलिस उपाधीक्षक (DSP) पद पर नियुक्त किया गया. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दोनों खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र सौंपे.
ऊर्जा ऑडिटोरियम में हुआ सम्मान समारोह
पटना के ऊर्जा ऑडिटोरियम में आयोजित विशेष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आकाश दीप और मुकेश कुमार के साथ अन्य खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया. इस मौके पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और खेल मंत्री श्रेयसी सिंह समेत कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे. कार्यक्रम के दौरान कुल 19 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र दिए गए. इनमें भारतीय क्रिकेटर आकाश दीप और मुकेश कुमार के अलावा एथलीट पीयूष राज, पांच पैरा खिलाड़ी और विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी शामिल रहे.
‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना के तहत मिली नियुक्ति
बिहार सरकार की इस योजना का उद्देश्य खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना और उन्हें सरकारी सेवा में अवसर देना है. समारोह में खिलाड़ियों को नौकरी के नियुक्ति पत्र के साथ-साथ खेल छात्रवृत्ति चयन पत्र और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मान राशि भी प्रदान की गई. राज्य सरकार के मुताबिक, पिछले दो वर्षों में अलग-अलग खेलों में शानदार प्रदर्शन करने वाले करीब 180 खिलाड़ियों को सरकारी विभागों में नौकरी दी जा चुकी है.
क्रिकेट में बिहार का नाम रोशन कर चुके हैं दोनों खिलाड़ी
आकाश दीप और मुकेश कुमार दोनों ही भारतीय क्रिकेट टीम के लिए खेल चुके हैं और अपनी तेज गेंदबाजी से पहचान बना चुके हैं. दोनों खिलाड़ियों ने घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में भी शानदार प्रदर्शन किया है. हालांकि, फिलहाल दोनों खिलाड़ी भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं और उनकी नजरें दोबारा टीम में वापसी पर हैं.
यह भी पढ़ें: Asian Games 2026: क्या फिर आमने-सामने होंगे भारत और पाकिस्तान? जानें क्या है टूर्नामेंट का पूरा समीकरण
आकाश दीप की वापसी पर नजर
तेज गेंदबाज आकाश दीप आईपीएल 2026 के दौरान चोटिल होने के कारण पूरे सीजन में नहीं खेल पाए थे. अब उनकी फिटनेस और मैदान पर वापसी को लेकर क्रिकेट फैंस की नजरें बनी हुई हैं. वह घरेलू क्रिकेट और आगामी टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन कर टीम इंडिया में वापसी की कोशिश करेंगे.
मुकेश कुमार भी वापसी की तैयारी में
वहीं, मुकेश कुमार ने आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स की ओर से हिस्सा लिया था, लेकिन उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा. अब वह घरेलू मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन कर राष्ट्रीय टीम में अपनी जगह फिर से मजबूत करना चाहेंगे.
आकाश दीप और मुकेश कुमार के लिए DSP पद पर नियुक्ति एक नई जिम्मेदारी की शुरुआत है. क्रिकेट के मैदान पर देश का प्रतिनिधित्व करने के बाद अब दोनों खिलाड़ी पुलिस सेवा के जरिए राज्य की जिम्मेदारी निभाएंगे. बिहार सरकार की इस पहल को खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

