Delhi Liquor Shop Timing: अगर आप इस वीकेंड दिल्ली में शराब की दुकान पर जाने का प्लान बना रहे हैं तो यह खबर आपके लिए बहुत जरूरी है. राष्ट्रीय राजधानी में बढ़ते विरोध-प्रदर्शनों और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए आबकारी विभाग ने शराब की दुकानें दो घंटे पहले ही बंद करने का फरमान जारी किया है. सामान्य दिनों में जहां दिल्ली में शराब के ठेके रात 10 बजे तक खुले रहते हैं वहीं इस हफ्ते के आखिरी तक इन्हें रात 8 बजे ही बंद करना होगा.
क्यों लिया गया यह फैसला?
सूत्रों के मुताबिक पिछले कुछ दिनों से सेंट्रल दिल्ली में जंतर-मंतर के आसपास विरोध-प्रदर्शनों का दौर चल रहा है. हालात को संभालने और किसी भी तरह की अनहोनी से बचने के लिए पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर यह कदम उठाया गया है. इससे पहले गुरुवार और शुक्रवार को भी बिना किसी पूर्व सूचना के दुकानें जल्दी बंद करवा दी गई थीं जिसकी वजह से कई ग्राहकों को मायूस होकर खाली हाथ लौटना पड़ा था.
आपको बता दें कि दिल्ली में इस समय सरकारी निगमों के तहत करीब 725 से ज्यादा रिटेल शराब की दुकानें चल रही हैं. हाल ही में कॉकरोच जनता पार्टी के नेतृत्व में चल रहे प्रदर्शनों और संसद मार्च के दौरान हुई हिंसा के बाद से प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है. प्रदर्शनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें- सोने-चांदी की कीमतों में जोरदार गिरावट: रिकॉर्ड तेजी के बाद औंधे मुंह गिरे दाम, जानिए आज का ताजा भाव
आम जनता पर भी गहरा असर
इस तनावपूर्ण स्थिति का असर सिर्फ शराब की दुकानों तक सीमित नहीं है, बल्कि आम जनता की रोजमर्रा की जिंदगी पर भी इसका भारी असर पड़ा है. जंतर-मंतर के आसपास भारी बैरिकेडिंग की गई है. सुरक्षा के मद्देनजर राजीव चौक, सुप्रीम कोर्ट, मंडी हाउस, आईटीओ और पटेल चौक समेत दिल्ली मेट्रो के 16 से 18 स्टेशन पिछले चार दिनों से बार-बार बंद किए जा रहे हैं जिससे रोज सफर करने वाले यात्रियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. इसके अलावा छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए कुछ स्कूलों में हाइब्रिड मोड में क्लासेज चलाने के निर्देश भी दिए गए हैं.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



