Ashadhi Ekadashi 2026 Maharashtra
Ashadhi Ekadashi 2026 Maharashtra: देवशयनी आषाढ़ी एकादशी के पावन अवसर पर महाराष्ट्र में भक्ति और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला. मुंबई के वडाला स्थित ‘प्रति पंढरपुर’ के नाम से प्रसिद्ध ऐतिहासिक श्री विट्ठल-रुक्मिणी मंदिर में भगवान विट्ठल और देवी रुक्मिणी का पारंपरिक महाअभिषेक और महापूजा संपन्न हुई. इस विशेष पूजा में मुंबई की मेयर रितु तावड़े और उनके पति राजेश तावड़े ने मुख्य यजमान के रूप में भाग लिया. मेयर ने भगवान पांडुरंग से मुंबईवासियों की खुशहाली, शांति और महानगर के निरंतर विकास की कामना की.
रितु तावड़े ने दी आषाढ़ी एकादशी की शुभकामनाएं
महापूजा के बाद रितु तावड़े ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भावुक संदेश साझा करते हुए लिखा कि भगवान पांडुरंग ही उनके आधार और रक्षक हैं. उन्होंने अपनी गलतियों के लिए क्षमा मांगते हुए प्रभु से सदैव अपनी शरण में रखने की प्रार्थना की. साथ ही उन्होंने सभी मुंबईवासियों को आषाढ़ी एकादशी की शुभकामनाएं दीं.
पंढरपुर में मुख्यमंत्री फडणवीस ने की पूजा-अर्चना
वहीं, श्री क्षेत्र पंढरपुर में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भगवान विट्ठल और माता रुक्मिणी की विधिवत पूजा-अर्चना की. उन्होंने अपने संदेश में कहा कि आषाढ़ी एकादशी भक्ति, आस्था और लाखों वारकरियों के विट्ठल नाम के निरंतर जाप का महापर्व है. मुख्यमंत्री ने भगवान से राज्य में अच्छी वर्षा, लहलहाती फसलों और समृद्ध महाराष्ट्र का आशीर्वाद मांगा.
यह भी पढ़ें: ‘थैंक्यू फ्रेंड्स…’ पीएम मोदी का देर रात नया इंस्टाग्राम वीडियो, युवाओं का जीता दिल
नेताओं ने दिए श्रद्धा और भक्ति के संदेश
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी देवशयनी आषाढ़ी एकादशी पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए भगवान विट्ठल के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की. वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने वारकरी परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि “मौली-मौली” का जाप श्रद्धालु को आत्मिक शांति और ईश्वर से एकाकार होने का अनुभव कराता है.
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के अध्यक्ष शरद पवार ने अपने संदेश में कहा कि आषाढ़ी एकादशी महाराष्ट्र की सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण पर्व है, जो भक्ति, मानवता और सामाजिक सद्भाव का संदेश देता है. उन्होंने कामना की कि विट्ठल भक्ति का यह पावन अवसर सभी के जीवन में सुख, संतोष और आध्यात्मिक समृद्धि लेकर आए.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


