Bharat Express DD Free Dish

हर लड़ाई जीती, खत्म किया नक्सलवाद…! CRPF के स्थापना दिवस पर क्या बोले गृह मंत्री अमित शाह?

सीआरपीएफ के 88वें स्थापना दिवस पर अमित शाह, राजनाथ सिंह, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन समेत कई नेताओं ने जवानों और शहीदों को श्रद्धांजलि दी. नेताओं ने आतंकवाद, नक्सलवाद और आंतरिक सुरक्षा में सीआरपीएफ की भूमिका को देश की सबसे बड़ी ताकत बताया.

Amit Shah On CRPF Raising Day: देश की आंतरिक सुरक्षा के सबसे बड़े बल केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के 88वें स्थापना दिवस के अवसर पर देश भर में जश्न का माहौल है. इस ऐतिहासिक मौके पर देश के केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने सीआरपीएफ के जांबाज जवानों और उनके परिवारों को हार्दिक बधाई दी है. देश में देशविरोधी ताकतों, नक्सलवाद और आतंकवाद के खिलाफ सुरक्षा बल की ऐतिहासिक सफलताओं को रेखांकित करते हुए नेताओं ने सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों को नमन किया.

 

गृह मंत्री अमित शाह का संदेश क्या?

सीआरपीएफ के स्थापना दिवस पर मुख्य फोकस रखते हुए देश के गृह मंत्री अमित शाह ने अपने आधिकारिक संदेश में बल के अद्भुत पराक्रम की जमकर सराहना की. गृह मंत्री शाह ने कहा कि अपनी स्थापना के समय से ही सीआरपीएफ ने भारत की आंतरिक सुरक्षा को अभेद्य बनाने के लिए हर मोर्चे पर लड़ाई जीतकर गर्व के अनगिनत कीर्तिमान स्थापित किए हैं.

आगे यह भी लिखा कि चाहे देश से नक्सलवाद की जड़ों को पूरी तरह उखाड़ फेंकना हो या फिर अदम्य साहस के साथ भारत की शांति, प्रगति और अखंडता की रक्षा करना हो, इस बल ने हमेशा राष्ट्र की उम्मीदों को पूरा किया है.

ये भी पढ़ें- इंफोसिस से Aadhaar तक अब Exam Reform की जिम्मेदारी, कौन हैं नंदन नीलेकणि जो संभालेंगे NEET-JEE का मोर्चा?

राजनाथ सिंह और उपराष्ट्रपति ने भी थपथपाई पीठ

गृह मंत्री अमित शाह के कड़क संदेश के साथ-साथ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सीआरपीएफ को भारत की आंतरिक सुरक्षा का सबसे मजबूत स्तंभ करार दिया. उन्होंने कहा कि निस्वार्थ सेवा, बेहतरीन प्रोफेशनलिज्म और अटूट संकल्प की मिसाल पेश करने वाला यह बल हर भारतीय को प्रेरित करता है. वहीं, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने बल के असाधारण साहस और पेशेवर कामकाज के उच्चतम मानकों की सराहना की.

इसके अलावा, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, नितिन गडकरी, मनोहर लाल, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में सीआरपीएफ की निस्वार्थ सेवा को सलाम किया.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read