Bharat Express DD Free Dish

‘आई एम ए स्ट्रीट फाइटर, नॉट एन एसी रूम ऐक्टिविस्ट’, धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफे के बाद बड़ा बयान

केंद्रीय शिक्षा मंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद धर्मेंद्र प्रधान ने संसद में पहली बार प्रतिक्रिया दी. कांग्रेस नेता जयराम रमेश से बातचीत में उन्होंने कहा कि वे ‘स्ट्रीट फाइटर’ हैं, न कि ‘एसी रूम एक्टिविस्ट’.

केंद्रीय शिक्षा मंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद धर्मेंद्र प्रधान सोमवार को पहली बार संसद पहुंचे. इस दौरान उनकी प्रतिक्रिया चर्चा का विषय बन गई. कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने उनसे मुलाकात कर कहा कि ‘इट हैपन्स’. इसपर धर्मेंद्र प्रधान ने तुरंत जवाब दिया ‘नथिंग हैपन्ड’ और फिर कहा ‘आई एम ए स्ट्रीट फाइटर, नॉट एन एसी रूम ऐक्टिविस्ट’.

एनडीए सांसदों ने किया स्वागत

संसद भवन में प्रवेश करते ही एनडीए सांसदों ने प्रधान का गर्मजोशी से स्वागत किया. उनके चेहरे पर मुस्कान थी और माहौल हल्का-फुल्का रहा. एक सांसद ने कहा कि यह पहली बार है जब किसी मंत्री ने बिना किसी आरोप के इस्तीफा दिया है.

ओडिशा से लेकर राष्ट्रीय राजनीति तक

धर्मेंद्र प्रधान ओडिशा बीजेपी के बड़े नेता हैं और राष्ट्रीय राजनीति में भी उनकी अहम भूमिका रही है. वे बिहार विधानसभा चुनाव के प्रभारी रहे, बंगाल में भवानीपुर सीट पर शुभेंदु अधिकारी की जीत में रणनीतिक भूमिका निभाई. 2024 लोकसभा चुनाव के बाद हरियाणा विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने पार्टी को जीत दिलाने में योगदान दिया. इससे पहले यूपी, एमपी, उत्तराखंड और कर्नाटक जैसे राज्यों में भी वे चुनाव प्रभारी रह चुके हैं.

बीजेपी नेताओं का समर्थन

इस्तीफे के बाद बीजेपी ने प्रधान को अकेला नहीं छोड़ा. गृह मंत्री अमित शाह उनके घर पहुंचे. पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उनके शिक्षा क्षेत्र में किए गए सुधारों की सराहना की. बीजेपी नेताओं का कहना है कि उनका इस्तीफा उनकी साख में कमी नहीं, बल्कि राजनीतिक जवाबदेही और राष्ट्रहित का उदाहरण है.

जयराम रमेश से संवाद

संसद में जयराम रमेश ने उनसे सहानुभूति जताई. प्रधान ने उनके ‘इट हैपन्स’ पर जवाब देते हुए कहा ‘नथिंग हैपन्ड’. इसके बाद उन्होंने खुद को ‘स्ट्रीट फाइटर’ बताया और कहा कि वे एसी रूम में बैठकर राजनीति करने वालों में से नहीं हैं.

ये भी पढ़ें-झारखंड ट्रेजरी घोटाले में 10 हजार करोड़ का हिसाब गायब, बीजेपी ने सरकार पर लगाया आरोप

नई जिम्मेदारी की तैयारी

प्रधान का यह बयान साफ करता है कि उनका आत्मविश्वास बरकरार है. माना जा रहा है कि उन्हें पार्टी संगठन में नई जिम्मेदारी दी जा सकती है. आने वाले पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में वे अहम भूमिका निभा सकते हैं. 2022 में यूपी चुनाव में भी वे प्रभारी रह चुके हैं.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read