India Forex Reserve: भारतीय अर्थव्यवस्था के मोर्चे पर एक और राहत भरी खबर सामने आई है. भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, 24 जुलाई 2026 को समाप्त हुए सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार (Forex Reserve) 6.118 अरब डॉलर बढ़कर 682.2354 अरब डॉलर के स्तर पर पहुंच गया है.
यह लगातार दूसरा सप्ताह है जब देश के विदेशी मुद्रा भंडार में बड़ा इजाफा दर्ज किया गया है. इससे पहले 17 जुलाई को समाप्त सप्ताह में भी इसमें 1.08 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई थी, जो देश की बाहरी आर्थिक स्थिति के मजबूत होने का संकेत है.
सोने के भंडार और एफसीए में भी बड़ा इजाफा
आरबीआई की साप्ताहिक रिपोर्ट के अनुसार, समीक्षाधीन सप्ताह में भारत का स्वर्ण भंडार (Gold Reserve) 1.308 अरब डॉलर बढ़कर 103.058 अरब डॉलर हो गया है.
वहीं, विदेशी मुद्रा भंडार का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा माने जाने वाले विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियों (FCA) में 4.873 अरब डॉलर की वृद्धि हुई है, जिसके बाद यह 555.929 अरब डॉलर हो गई है. हालांकि, इस अवधि में स्पेशल ड्रॉइंग राइट्स (SDR) 5.3 करोड़ डॉलर घटकर 18.617 अरब डॉलर रह गए.
RBI का बाजार पर नियंत्रण और सर्वकालिक स्तर
बता दें कि इसी साल 27 फरवरी 2026 को समाप्त सप्ताह में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 728.494 अरब डॉलर के ऑल-टाइम हाई (सर्वकालिक उच्च स्तर) पर पहुंच गया था. लेकिन बाद में पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव और वैश्विक अनिश्चितताओं के कारण रुपये को मजबूती देने के लिए आरबीआई को बाजार में डॉलर की बिक्री कर हस्तक्षेप करना पड़ा था, जिससे भंडार में कुछ कमी आई थी. आरबीआई ने स्पष्ट किया है कि मजबूत विदेशी मुद्रा भंडार भारत को आयात भुगतान करने और वैश्विक अनिश्चितताओं के दौरान अर्थव्यवस्था को स्थिर बनाए रखने में महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच प्रदान करता है.
यह भी पढ़िए: ग्लोबल तनाव के बीच भारत के लिए बड़ी खुशखबरी! विदेशी मुद्रा भंडार बढ़कर $676.24 अरब पर पहुंचा
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

