Bharat Express DD Free Dish

बेहोश होने तक बरसती रहीं लाठियां, मुरैना में पेड़ से बांधकर महिला पर जुल्म; VIDEO सोशल मीडिया पर वायरल

MP Crime: मुरैना के बलालपुर में गोबर फेंकने के विवाद में महिला को 4 घंटे पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटा गया. बचाने आए बेटे पर भी हमला हुआ. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिला को मुक्त कराया, घटना का वीडियो वायरल.

MP crime viral video

MP Crime:मुरैना/यूनिस खान मुरैना:  मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है. निरार थाना क्षेत्र के बलालपुर गांव में मामूली विवाद के बाद दबंगों ने एक महिला को पेड़ से बांधकर चार घंटे तक बेरहमी से पीटा, जिससे वह बेहोश हो गई.

मुरैना के निरार थाना क्षेत्र के बलालपुर गांव में कचरा और गोबर डालने के मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां लगभग आधा दर्जन दबंगों ने सीमा नाम की महिला को 4 घंटे तक पेड़ से बांधकर लाठी-डंडों से लहूलुहान कर दिया. मां को बचाने पहुंचे बेटे रंजीत को भी आरोपियों ने बुरी तरह पीटा और गिड़गिड़ाते परिजनों की एक न सुनते हुए महिला को बेहोश होने तक मारते रहे. किसी ग्रामीण की सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने महिला को बंधन मुक्त कराया और 31 जुलाई की इस हैवानियत का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है.

क्या है मामला?

मुरैना जिले के निरार थाना क्षेत्र स्थित बलालपुर गांव में गोबर और कूड़ा फेंकने की बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष के दबंगों ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं. उन्होंने सीमा नाम की महिला को पकड़कर जबरन पेड़ से बांध दिया और लाठी-डंडों से उस पर टूट पड़े. पीड़ित महिला का परिवार दबंगों के सामने अपनी जान की भीख मांगता रहा और गिड़गिड़ाता रहा, लेकिन आरोपियों का दिल नहीं पसीजा.

लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा (woman tied to tree and beaten)

दबंगों का कहर यहीं नहीं रुका, जब पीड़ित महिला का बेटा रंजीत कुशवाह अपनी मां को बचाने के लिए दौड़ा, तो आरोपियों ने उस पर भी लाठी-डंडों से हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया. करीब चार घंटे तक महिला को बंधक बनाकर लगातार पीटा गया, जिससे वह मौके पर ही बेहोश हो गई. आरोपी पक्ष के लोगों में राजेंद्र, कमल, दीपू, महादेवी, रूमाली और नीतू समेत आधा दर्जन से अधिक लोगों के नाम सामने आए हैं.

वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल (MP crime viral video)

घटना के दौरान जब किसी ग्रामीण ने छुपकर डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी, तब मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने बेहोश और बंधक महिला को आरोपियों के कब्जे से मुक्त कराया. यह दिल दहला देने वाली घटना 31 जुलाई की बताई जा रही है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. फिलहाल इस वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस की ओर से क्या वैधानिक कार्रवाई की गई है, इसकी आधिकारिक जानकारी आना बाकी है.

यह भी पढ़ें-कांवड़ लेकर लौट रही महिला को रास्ते में उठा दर्द, जिला अस्पताल में जुड़वा बेटों को दिया जन्म; देखें वायरल Video

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read