Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

पीएम मोदी के ‘मन की बात’ का 137वां एपिसोड: युवाओं के मुद्दे और जन-सुझावों पर होगा सीधा संवाद

पीएम मोदी 30 अगस्त को ‘मन की बात’ के 137वें एपिसोड को संबोधित करेंगे. Gen Z के मुद्दों, चीनी के दामों, लाइव स्ट्रीमिंग और प्रसारण भाषाओं से जुड़ी पूरी डिटेल यहां पढ़ें.

PM Modi Mann Ki Baat 137th Episode

पीएम मोदी- फाइल फोटो

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 अगस्त 2026 को सुबह 11 बजे अपने लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 137वें एपिसोड के जरिए देश और विदेश में रहने वाले करोड़ों नागरिकों को संबोधित करेंगे. जनभागीदारी और सामाजिक परिवर्तन का मंच बन चुके इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री विभिन्न राष्ट्रीय, सामाजिक और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार साझा करेंगे.

137वें एपिसोड में क्या रह सकता है खास?

युवाओं और Gen Z पर फोकस

पिछले कुछ समय से सरकार की प्राथमिकताओं में युवाओं की भूमिका प्रमुख रही है. माना जा रहा है कि इस एपिसोड में प्रधानमंत्री Gen Z की आकांक्षाओं, उनके नवाचारों और उनसे जुड़ी चुनौतियों पर खुलकर बात कर सकते हैं.

चीनी की बढ़ती कीमतों पर चर्चा की संभावना

बीते एक महीने में चीनी के दामों में लगभग 20% तक की तेजी दर्ज की गई है, जिस पर विपक्षी दल भी मुखर रहे हैं. संभावना जताई जा रही है कि प्रधानमंत्री इस संवेदनशील विषय और आवश्यक वस्तुओं की स्थिति पर भी बात रख सकते हैं.

जन-प्रेरित प्रेरक कहानियां

पर्यावरण, विज्ञान, नवाचार और जमीनी स्तर पर सकारात्मक बदलाव लाने वाले नागरिकों के प्रेरक कार्यों का उल्लेख भी इस संबोधन का मुख्य हिस्सा होगा.

देशभर से रिकॉर्ड किए गए सुझाव

इस 137वें एपिसोड के लिए नागरिकों से MyGov प्लेटफॉर्म के जरिए 28 अगस्त की रात तक विचार और सुझाव आमंत्रित किए गए थे. लोगों ने टोल-फ्री नंबर 1800-11-7800 पर हिंदी और अंग्रेजी में अपने वॉइस मैसेज रिकॉर्ड कराए, जिनमें से चुनिंदा संदेशों को प्रसारण में शामिल किया जा सकता है. 1922 पर मिस्ड कॉल देकर एसएमएस लिंक के जरिए भी जनता ने अपने सुझाव प्रधानमंत्री तक पहुंचाए.

किन प्लेटफॉर्म्स पर होगा मन की बात का प्रसारण

‘मन की बात’ का यह एपिसोड आकाशवाणी और दूरदर्शन के संपूर्ण नेटवर्क पर प्रसारित किया जाएगा. श्रोता इसे AIR News की आधिकारिक वेबसाइट, NewsOnAir मोबाइल ऐप के साथ-साथ DD News, PMO और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय (I&B) के YouTube चैनलों पर लाइव देख और सुन सकेंगे. मूल हिंदी प्रसारण समाप्त होने के तुरंत बाद आकाशवाणी द्वारा इसे विभिन्न क्षेत्रीय भाषाओं में रिले किया जाएगा.

बीते एपिसोड्स की झलक

136वां एपिसोड (26 जुलाई 2026): प्रधानमंत्री ने ‘कैच द रेन’ अभियान और जल संरक्षण पर बल दिया था. उन्होंने मध्य प्रदेश के सीधी जिले में बने 1,500 तालाबों और नरसिंहपुर में अमृत सरोवरों के पुनरुद्धार की सराहना की थी, साथ ही ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का आह्वान किया था.

135वां एपिसोड (28 जून 2026): पीएम मोदी ने मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा में महिलाओं द्वारा चलाए जा रहे अनूठे स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण मॉडल की प्रशंसा की थी.

22 भारतीय और 11 विदेशी भाषाओं में प्रसारण

शुरुआत और समय सीमा: 3 अक्टूबर 2014 को शुरू हुए इस कार्यक्रम का पहला एपिसोड 14 मिनट का था, जिसे जून 2015 से बढ़ाकर 30 मिनट का कर दिया गया. आकाशवाणी के 500 से अधिक केंद्रों से प्रसारित होने वाला यह कार्यक्रम 22 भारतीय भाषाओं, 29 बोलियों और 11 प्रमुख विदेशी भाषाओं (फ्रेंच, चीनी, इंडोनेशियाई, तिब्बती, बर्मी, बलूची, अरबी, पश्तू, फारसी, दारी और स्वाहिली) में दुनिया भर के श्रोताओं तक पहुंचता है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital