पैरोल पर आए उम्रकैदी ने त्रिशूल से की पत्नी की हत्या
Mahoba Wife Murder Case: महोबा में पैरोल पर घर आए एक उम्रकैदी पर अपनी पत्नी की हत्या का गंभीर आरोप लगा है. आरोप है कि खाने में जहरीला या नशीला पदार्थ मिलाने के शक को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर पत्नी पर त्रिशूल से हमला कर दिया. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
मामला कुलपहाड़ कोतवाली क्षेत्र का है, जहां सोमवार देर रात एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. बताया जा रहा है कि महिला का पति कल्लन रैकवार पैरोल पर अपने गांव आया हुआ था. पुलिस के मुताबिक, आरोपी को शक था कि उसकी पत्नी उसके खाने में जहरीला या नशीला पदार्थ मिला देती है. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ.
पत्नी पर त्रिशूल से किया हमला
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर कल्लन ने पत्नी पर त्रिशूल से हमला कर दिया. घटना के बाद करीब तीन घंटे तक आरोपी महिला के शव के पास बैठा रहा और बाद में परिजनों तथा पुलिस को घटना की जानकारी दी.
घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह और कुलपहाड़ कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची. फॉरेंसिक और फील्ड यूनिट ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
नातिन की कर दी थी हत्या
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी कल्लन रैकवार पहले भी हत्या के मामले में सजा काट रहा था. वर्ष 2014 में मध्य प्रदेश के नौगांव में उसने अपनी नाबालिग नातिन की हत्या की थी. इस मामले में वर्ष 2017 में अदालत ने उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी. वह मध्य प्रदेश की सतना जेल में सजा काट रहा था और पैरोल पर अपने घर आया था.
ये भी पढ़ें- किस्त न देने पर पार की दरिंदगी की हदें! युवक को बंधक बनाकर कराई मजदूरी, जबरन निकाला खून
फिलहाल पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. पत्नी की मौत के पीछे असल वजह क्या थी और वारदात किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

