पीएम मोदी के जन्मदिन पर 33.27 लाख मिट्टी के दीये जलाए गए
Pm Modi birthday ujjain world record: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के मौके पर मध्य प्रदेश में गुरुवार (17 सितंबर) को दीपों की ऐसी रोशनी देखने को मिली, जिसने उज्जैन का नाम वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज करा दिया. उज्जैन में क्षिप्रा नदी के घाटों पर एक साथ 33.27 लाख मिट्टी के दीये जलाए गए. हजारों लोगों की मौजूदगी में हुए इस आयोजन ने पूरे शहर को रोशनी से भर दिया.
शाम करीब 7 बजे जैसे ही सायरन बजा, घाटों पर मौजूद लोगों और वॉलंटियर्स ने दीये जलाना शुरू कर दिया. महज तीन मिनट के भीतर बड़ी संख्या में दीये रोशन हो गए. इसके बाद क्षिप्रा नदी का किनारा जगमगाता नजर आया. रामघाट समेत आसपास के घाटों पर रोशनी का शानदार नजारा देखने को मिला.
‘आशीर्वाद का दीया’ आयोजन
यह आयोजन ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत किया गया. रामघाट, दत्त अखाड़ा, केदारेश्वर घाट, सुनहरी घाट और भूखी माता घाट के साथ महाकाल महालोक क्षेत्र में भी दीये जलाए गए. कार्यक्रम के दौरान ‘शिप्रा आरती’ भी आयोजित की गई.
उज्जैन में हुए इस आयोजन में बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री मोहन यादव, मध्य प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और राज्य प्रभारी महेंद्र सिंघी ने भी हिस्सा लिया. बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों और वॉलंटियर्स ने कार्यक्रम में भाग लिया.
ये भी पढ़ें: चाय की दुकान पर लगा ली फांसी…’ निठारी कांड के आरोपी सुरेंद्र कोली ने की खुदकुशी
उज्जैन तक सीमित नहीं रहा आयोजन
दीप जलाने का यह कार्यक्रम पूरे मध्य प्रदेश में आयोजित किया गया. राज्यभर में कुल 3.55 करोड़ दीये जलाए गए. आयोजन के जरिए लोगों की भागीदारी और सेवा भावना को सामने लाने का संदेश दिया गया. उज्जैन के कार्तिक मेला ग्राउंड में जलते दीयों की मदद से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर भी बनाई गई. रोशनी से सजे घाटों और नदी के किनारे का दृश्य देर शाम तक लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


