बुरे सपने में बदल गया हनीमून
Darjeeling Honeymoon Accident: पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग स्थित खूबसूरत वादियों में हनीमून मनाने गए एक नए-नवेले जोड़े के साथ दिल दहला देने वाली दुर्घटना सामने आई है. दार्जिलिंग के सिटोंग इलाके में एक होमस्टे में बारबेक्यू के दौरान अचानक भीषण आग भड़क गई, जिसकी चपेट में आने से नवविवाहिता करीब 60 प्रतिशत तक झुलस गई. उसे बचाने की कोशिश में पति भी गंभीर रूप से घायल हो गया. यह दर्दनाक हादसा गुरुवार रात को हुआ, जिसके बाद से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है.
कैसे हुआ यह हादसा?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के चोपड़ा के रहने वाले समीर दास और निकिता साहा की कुछ महीने पहले ही शादी हुई थी. कई सालों के प्रेम प्रसंग के बाद दोनों ने शादी की थी और अपनी नई जिंदगी की शुरुआत करने कुछ दिन पहले ही सिटोंग हनीमून मनाने पहुंचे थे.
गुरुवार की रात जब वे होमस्टे में बारबेक्यू का लुत्फ उठा रहे थे, तभी अचानक यह भयानक हादसा हो गया. होमस्टे के सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि बारबेक्यू पर जैसे ही कोई तरल पदार्थ डाला गया, वैसे ही लपटें तेजी से भड़क उठीं और निकिता आग की चपेट में आ गई. अपनी पत्नी को बचाने के चक्कर में पति समीर दास ने अपनी टी-शर्ट उतारकर आग बुझाने की कोशिश की, जिससे वे खुद भी झुलस गए.
केरोसिन या टरपेन्टाइन ऑयल?
इस पूरे मामले में लापरवाही का बड़ा आरोप सामने आ रहा है. पीड़िता के पति समीर का आरोप है कि बारबेक्यू में कुकिंग ऑयल के बजाय गलती से टरपेन्टाइन ऑयल डाल दिया गया था, जिसकी वजह से धमाके के साथ आग भड़की. वहीं दूसरी ओर, होमस्टे के मालिक निहाल अयान ने भी अपने एक कर्मचारी की बड़ी लापरवाही स्वीकार की है और माना है कि खाना पकाने वाले तेल की जगह गलती से केरोसिन (मिट्टी का तेल) उड़ेल दिया गया था.
समय पर मदद न मिलने का आरोप
घायल निकिता के परिवारवालों ने होमस्टे प्रबंधन के खिलाफ कड़े आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि हादसे के वक्त कोई भी सुरक्षा इंतजाम नहीं थे और आग लगने के बाद होमस्टे की तरफ से समय पर कोई मदद नहीं मिली. आरोप है कि अस्पताल ले जाने के लिए गाड़ी करीब 40 मिनट की देरी से पहुंची. पहले निकिता को एक स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए सिटोंग से सिलीगुड़ी के एक प्राइवेट अस्पताल में रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज जारी है.
वहीं पति समीर को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल गई है. कर्सियांग पुलिस स्टेशन में होमस्टे के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज करा दी गई है. पुलिस ने होमस्टे के सीसीटीवी फुटेज और उस तरल पदार्थ वाले जार को कब्जे में ले लिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और लापरवाही के दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा में खुली गुंडागर्दी: GNIOT कॉलेज के छात्रों के दो गुट आपस में भिड़े, मारपीट का VIDEO वायरल
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

