Bharat Express DD Free Dish

नीतीश कुमार का मास्टरस्ट्रोक, जीविका के सहारे महिला वोट साधेगी JDU, 2 अक्टूबर से 38 जिलों में संवाद

Bihar News: जदयू ने घोषणा की है कि 2 अक्टूबर से बिहार के सभी जिलों में ‘नीतीश संवाद-जीविका के 20 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम होगा.

JDU to woo women voters through Jeevika.

जीविका के सहारे महिला वोट साधेगी JDU

आशुतोष/पटना

Bihar News: जनता दल यूनाइटेड ने घोषणा की है कि 2 अक्टूबर से बिहार के सभी जिलों में ‘नीतीश संवाद-जीविका के 20 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इसको लेकर पटना स्थित प्रदेश कार्यालय में महिला नेताओं और पदाधिकारियों की समीक्षा बैठक हुई. पार्टी का कहना है कि इन कार्यक्रमों के जरिए जीविका के दो दशक की यात्रा और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की कहानियों को सामने लाया जाएगा.

महिलाओं तक पहुंचेगी जीविका की उपलब्धियां

ग्रामीण विकास और सूचना जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार ने बैठक में कहा कि इस पहल का मकसद ज्यादा से ज्यादा महिलाओं तक जीविका की उपलब्धियों और उससे आए बदलावों की जानकारी पहुंचाना है. उन्होंने पदाधिकारियों से आग्रह किया कि कार्यक्रम में महिलाओं की बड़ी भागीदारी सुनिश्चित की जाए.

जीविका से जुड़ी महिलाओं की ताकत

जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने बताया कि जीविका की शुरुआत 2006 में हुई थी. आज 13 लाख से अधिक स्वयं सहायता समूहों के जरिए करीब 1.88 करोड़ महिलाएं इससे जुड़ी हैं. पार्टी चाहती है कि इन आंकड़ों और उपलब्धियों को संवाद कार्यक्रमों में प्रमुखता से रखा जाए.

महिला नेताओं ने साझा किए विचार

जदयू महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष शिवरानी देवी ने कहा कि पिछले बीस सालों में महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक उत्थान में जीविका ने अहम भूमिका निभाई है. बैठक में मंत्री लेशी सिंह, शीला मंडल, डॉ. श्वेता गुप्ता, संजय गांधी, रेखा गुप्ता, रीना यादव, डॉ. भारती मेहता, विधायक शालिनी मिश्रा, सोनम सरदार, कहकशां परवीन और अंजुम आरा समेत कई नेता मौजूद रहे.

38 जिलों तक फैलाने की योजना

जदयू ने इससे पहले भी ‘नीतीश संवाद’ की श्रृंखला शुरू की थी. सितंबर में गंगा किनारे के 12 जिलों में फरक्का जल समझौते पर संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए थे. अब जीविका के 20 साल पूरे होने पर इसे सभी 38 जिलों तक फैलाने की योजना है.

ये भी पढ़ें-JDU में ‘ऑल इज नॉट वेल’ ? बाहुबली अनंत सिंह और नीरज कुमार में जूतमपैजार जैसे हालात, डैमेज कंट्रोल में जुटे नेता

यह कार्यक्रम ऐसे समय में हो रहा है जब जदयू अपने संगठनात्मक अभियानों में नीतीश कुमार के शासनकाल की योजनाओं और उपलब्धियों को सामने रख रहा है. हालांकि घोषित विषय जीविका और महिला समूहों पर केंद्रित है लेकिन राजनीतिक तौर पर इसे पार्टी की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read