वरिष्ठ पत्रकार पायल मेहता की तस्वीर के साथ पीएम
PM Modi on Payal Mehta Death: देश की जानी-मानी वरिष्ठ पत्रकार पायल मेहता का मुंबई में अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद असमय निधन हो गया है. संसदीय मामलों और राष्ट्रीय राजनीति की गहरी समझ रखने वाली पायल मेहता के इस तरह अचानक चले जाने से पूरे मीडिया जगत और राजनीतिक गलियारों में गहरा शोक व्याप्त है.
उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव तथा कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है.
अस्पताल ले जाते समय हुआ निधन(Payal Mehta Death)
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पायल मेहता एक सिलसिले में मुंबई यात्रा पर थीं. शनिवार और रविवार की मध्य रात्रि (लगभग रात 2 बजे) उन्हें अचानक तेज बेचैनी महसूस हुई. स्थिति को देखते हुए उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों द्वारा इलाज शुरू किए जाने से पहले ही उन्होंने अंतिम सांस ली. उनके इस तरह असमय चले जाने से उनके सहयोगी, मित्र और पूरा पत्रकारिता जगत स्तब्ध है.
‘मेहनती और जमीन से जुड़ी पत्रकार थीं पायल’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा कि पायल मेहता एक अत्यंत मेहनती पत्रकार थीं जो हमेशा जमीन से जुड़ी रहीं और अपनी रिपोर्टिंग में राष्ट्रीय मुद्दों की गहरी समझ लेकर आती थीं. अपने काम के अलावा, उन्हें उस दयालुता और स्नेह के लिए याद किया जाएगा जिसके साथ उन्होंने इतने सारे लोगों के जीवन को प्रभावित किया. उनका अचानक निधन बेहद दुखद है और उनके परिवार, दोस्तों व सहयोगियों के प्रति संवेदनाएं.
यह भी पढ़ें: पटना में बैठकर US-UK में साइबर ठगी! टेक्निकल सपोर्ट के नाम पर ऐंठ रहे थे डॉलर, चार आरोपी गिरफ्तार
पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति
संसदीय कार्यवाही की गहरी समझ और हर खबर के प्रति अपनी निष्ठा के लिए जानी जाने वाली पायल मेहता की कमी (Payal Mehta Death) हमेशा महसूस की जाएगी. उनके जाने से भारतीय पत्रकारिता ने एक समर्पित, निष्पक्ष और ऊर्जावान चेहरा खो दिया है. शोक संतप्त परिवार और उनके सहयोगियों के प्रति पूरे मीडिया जगत द्वारा संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

