भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने धार्मिक और सांस्कृतिक रिश्तों को रेल की पटरियों पर नई रफ्तार मिलने जा रही है. 23 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बालेन्द्र शाह अयोध्या धाम से जनकपुर धाम के बीच चलने वाली नई एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे. इस सीधी रेल सेवा से दोनों पड़ोसी देशों के बीच श्रद्धालुओं और यात्रियों का सफर कहीं ज्यादा आसान हो जाएगा, साथ ही व्यापार और क्षेत्रीय जुड़ाव को भी नई मजबूती मिलेगी.
यूपी और बिहार के इन अहम स्टेशनों से गुजरेगी ट्रेन
अयोध्या धाम और जनकपुर धाम को जोड़ने वाली यह ट्रेन सीमा-पार संपर्क की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है. अपने सफर के दौरान यह ट्रेन उत्तर प्रदेश और बिहार के कई प्रमुख शहरों से होकर गुजरेगी, जिनमें गोरखपुर, बस्ती, रक्सौल, सीतामढ़ी, मधुबनी और जयनगर शामिल हैं. इन ठहरावों के चलते रास्ते में पड़ने वाले कई जिलों के लोगों को सीधे रेल सुविधा मिलेगी. इससे न सिर्फ धार्मिक यात्राएं सुगम होंगी, बल्कि सीमा के दोनों ओर बसे परिवारों के बीच आना-जाना भी सुविधाजनक हो जाएगा.
तीर्थयात्रा, स्थानीय कारोबार और सीमा-पार रेल विस्तार
अयोध्या और जनकपुर के बीच सीधी ट्रेन चलने से श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ेगी, जिसका सीधा फायदा स्थानीय होटल, दुकानदारों, परिवहन सेवा और पर्यटन से जुड़े छोटे-बड़े कारोबारों को मिलेगा.
इसके अलावा भारत और नेपाल के बीच रेल संपर्क का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है. जयनगर-बिजलपुरा-बर्दीबास और जोगबनी-विराटनगर रेल मार्गों पर चरणबद्ध तरीके से काम जारी है, वहीं रक्सौल-काठमांडू रेल लाइन भी प्रस्तावित योजनाओं में शामिल है. नेपाल रेलवे के कर्मियों को वडोदरा के गतिशक्ति विश्वविद्यालय में प्रशिक्षण भी दिया गया है. ये कदम केवल स्टेशनों को जोड़ने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दोनों देशों के लोगों और संस्कृतियों को करीब लाने की बड़ी पहल हैं.
यह भी पढ़ें: पीएम मोदी ने किया ‘नीतीश सेतु’ का उद्घाटन, उत्तर-दक्षिण बिहार के बीच आवागमन होगा आसान
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



