Bharat Express DD Free Dish

वैभव सूर्यवंशी की इस खूबी के कायल हुए मिस्टर 360! बोले- काश, मेरे पास भी होती

Suryakumar Yadav on Vaibhav Suryavanshi: सूर्यकुमार यादव ने वैभव सूर्यवंशी की तारीफ की. SKY ने कहा कि वह युवा बल्लेबाज की यह खूबी अपने खेल में शामिल करना चाहेंगे.

Suryakumar Yadav Interview

सूर्यकुमार यादव ने वैभव सूर्यवंशी की तारीफ की

Suryakumar Yadav Interview: भारतीय क्रिकेट के स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) अपनी अलग अंदाज वाली बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं. मैदान पर उनके 360 डिग्री शॉट्स अक्सर फैंस को हैरान कर देते हैं. हालांकि, इस बार सूर्या ने खुद एक युवा बल्लेबाज की ऐसी खूबी का जिक्र किया है, जिसे वह अपने खेल में शामिल करना चाहते हैं. यह नाम है बिहार के लाल और भारतीय क्रिकेट के युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी का.

वैभव सूर्यवंशी के हुए मुरीद

सूर्यकुमार यादव ने हाल ही में ‘ह्यूमन ऑफ बॉम्बे’ के यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान अपने क्रिकेट करियर और पसंद से जुड़े कई सवालों के जवाब दिए. इसी दौरान जब उनसे पूछा गया कि वह किसी दूसरे खिलाड़ी की कौन सी स्किल अपने अंदर लेना चाहेंगे, तो उन्होंने बिना ज्यादा सोचे वैभव सूर्यवंशी का नाम लिया.

सूर्या ने कहा कि वैभव एक ऐसे युवा खिलाड़ी हैं, जिनका नाम लगभग हर क्रिकेट फैन ने सुना होगा. उन्होंने साफ कहा कि वह वैभव की छक्के लगाने की क्षमता अपने अंदर चाहते हैं. यानी टी20 क्रिकेट में गेंद को लगातार और लंबे छक्कों के लिए भेजने की वैभव की काबिलियत ने खुद मिस्टर 360 को प्रभावित किया है.

IPL 2026 में मचाया था तहलका

वैभव सूर्यवंशी ने IPL 2026 में अपनी बल्लेबाजी से खूब सुर्खियां बटोरीं. उन्होंने पूरे सीजन में 776 रन बनाए और ऑरेंज कैप अपने नाम की. सबसे खास बात यह रही कि उनके बल्ले से टूर्नामेंट में 72 छक्के निकले. उनकी इसी आक्रामक बल्लेबाजी ने उन्हें भारतीय क्रिकेट के बड़े मंच तक पहुंचने का रास्ता बनाया.

बुमराह के खिलाफ खेलना बताया सबसे मुश्किल

बातचीत के दौरान सूर्यकुमार यादव ने अपने करियर के सबसे मुश्किल गेंदबाज का नाम भी बताया. उन्होंने जसप्रीत बुमराह को सबसे बड़ी चुनौती बताया. सूर्या के मुताबिक, नेट्स हों या मुकाबले, बुमराह की गेंदबाजी का सामना करना हमेशा मुश्किल रहा है.


ये भी पढ़ें: एशियन गेम्स में भारतीय शूटरों का जलवा! तीन सिल्वर से किया श्रीगणेश, इलावेनिल वलारिवन ने जीते दो पदक


सचिन और रोहित पर क्या बोले सूर्या?

सचिन तेंदुलकर और रोहित शर्मा में से किसी एक को चुनने के सवाल पर सूर्यकुमार ने दोनों को 50-50 बताया. उन्होंने कहा कि बचपन में टीवी पर सचिन को देखकर ही क्रिकेट खेलने की प्रेरणा मिली. वहीं रोहित के साथ उन्होंने कप्तान और साथी खिलाड़ी के तौर पर लंबे समय तक क्रिकेट खेला है. यही वजह है कि दोनों उनके लिए खास हैं.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read