Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

नीट पेपर लीक केस: किन 14 लोगों पर तय हुए आरोप? कबूलने से इनकारा, अब जानें आगे का रास्ता

दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने नीट-यूजी 2026 पेपर लीक मामले में सभी 14 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय कर दिए हैं. 25 नवंबर से मामले की रोजाना सुनवाई शुरू होगी.

Rouse Avenue Court

बहुचर्चित नीट-यूजी (NEET-UG) 2026 पेपर लीक मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने सभी 14 आरोपियों के खिलाफ औपचारिक रूप से आरोप तय (Charge Frame) कर दिए हैं. सुनवाई के दौरान सभी आरोपियों को फास्ट ट्रैक कोर्ट में पेश किया गया, जहां उन्होंने खुद पर लगे आरोपों को स्वीकार करने से इनकार कर दिया और मुकदमे का सामना करने की बात कही.

इसके बाद फास्ट ट्रैक कोर्ट के विशेष न्यायाधीश (Special Judge) अजय गुप्ता ने आरोप तय करते हुए इस हाई-प्रोफाइल मामले में 25 नवंबर से रोजाना सुनवाई (Day-to-Day Hearing) करने का आदेश दिया है.

किन कानूनों के तहत तय हुए आरोप?

अदालत ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), भ्रष्टाचार निरोधक कानून (Prevention of Corruption Act) और पब्लिक एग्जामिनेशन (प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स) एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत आरोप तय करने का निर्देश दिया है.

सीबीआई ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 315(5), 318(4), 61(2), 238, 303(2), भ्रष्टाचार निरोधक कानून की धारा 13(2) और 13(1)(a) तथा पब्लिक एग्जामिनेशन एक्ट की धारा 3, 4, 5, 10 और 11 के तहत मामला दर्ज किया था.

किन 14 आरोपियों के खिलाफ तय हुए आरोप?

अदालत द्वारा जिन 14 आरोपियों पर आरोप तय किए गए हैं, वे सभी फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं.

  1. यश यादव
  2. मांगीलाल बिवाल
  3. दिनेश बिवाल
  4. विकास बिवाल
  5. शुभम खैरनार
  6. धनंजय लोखंडे
  7. प्रहलाद कुलकर्णी
  8. तेजस हर्षद कुमार
  9. डॉ. मनोज शिरूरे
  10. शिवराज रघुनाथ मोटेगांवकर
  11. मनीषा वाघमारे
  12. मनीषा मंधारे
  13. मनीषा संजय हवलदार
  14. शेषराव बजरंग सूर्यवंशी

सीबीआई की 20,000 पन्नों की चार्जशीट

विस्तृत चार्जशीट: इस पूरे मामले की जांच कर रही केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने अदालत में 20,000 पन्नों की एक विस्तृत चार्जशीट दाखिल की है. इससे पहले एजेंसी ने जुलाई में अपनी पहली चार्जशीट पेश की थी, जिस पर कोर्ट ने 12 अगस्त को संज्ञान लिया था.

14वें आरोपी की भूमिका: मामले में गिरफ्तार किए गए 14वें आरोपी शेषराव बजरंग सूर्यवंशी (निवासी पुणे, महाराष्ट्र) को मुख्य आरोपियों में से एक शुभम खैरनार का करीबी सहयोगी बताया गया है. जांच के मुताबिक, सूर्यवंशी ने ही परीक्षा से पहले उम्मीदवारों को नीट-यूजी का प्रश्नपत्र उपलब्ध कराया था.

ये भी पढ़ें: कार-बाइक पर जाति लिखवाने वालों की बढ़ेगी मुश्किल! गुजरात सरकार ने लगाया बैन, जानें नए नियम और कार्रवाई का पूरा मामला

आगे की जांच जारी: कोर्ट की अनुमति के बाद सीबीआई ने सूर्यवंशी के खिलाफ सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की थी. एजेंसी ने अदालत को यह भी अवगत कराया है कि इस बड़ी साजिश में शामिल कुछ अन्य लोगों की भूमिका को लेकर आगे की जांच अभी जारी है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism