DUSU Election NSUI: दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (DUSU) चुनाव में NSUI के एक भी सीट नहीं जीतने के बाद कांग्रेस नेतृत्व ने संगठन से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है. हार के कारणों के साथ उम्मीदवार चयन, चुनावी रणनीति और संगठनात्मक तालमेल की समीक्षा की जा रही है. सूत्रों के मुताबिक, रिपोर्ट के आधार पर कुछ नेताओं की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई भी हो सकती है.
राहुल गांधी ने मांगी रिपोर्ट(DUSU Election NSUI Result)
सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी ने कांग्रेस संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल से DUSU चुनाव के प्रदर्शन पर रिपोर्ट मांगी है. इसके बाद वेणुगोपाल ने NSUI प्रभारी कन्हैया कुमार को तलब कर हार के कारणों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए. समीक्षा में यह देखा जा रहा है कि NSUI चुनाव में खाता क्यों नहीं खोल सकी और संगठनात्मक स्तर पर कहां चूक हुई. उम्मीदवारों के चयन से लेकर चुनावी कैंपेन और कांग्रेस-NSUI के बीच समन्वय तक कई पहलुओं को देखा जाएगा.
दीपांशु शौकीन को टिकट नहीं देने पर भी सवाल
उम्मीदवार चयन को लेकर भी पार्टी के भीतर सवाल उठ रहे हैं. खास तौर पर उपाध्यक्ष पद पर NSUI से अलग होकर निर्दलीय चुनाव लड़ने वाले दीपांशु शौकीन को टिकट नहीं दिए जाने के फैसले की समीक्षा की जा रही है.इसके अलावा युवा नेताओं के बीच समन्वय और चुनाव के दौरान संगठन की रणनीति को लेकर भी रिपोर्ट में जानकारी मांगी गई है.
NSUI अध्यक्ष ने उठाए निष्पक्षता पर सवाल
वहीं, NSUI अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने DUSU चुनाव की निष्पक्षता पर सवाल उठाए हैं. उनका आरोप है कि NSUI का मुकाबला सिर्फ ABVP से नहीं था, बल्कि उसे कई स्तरों पर चुनौतियों का सामना करना पड़ा. अब कांग्रेस नेतृत्व की नजर समीक्षा रिपोर्ट पर है. रिपोर्ट सामने आने के बाद संगठनात्मक कमियों की पहचान के साथ जिम्मेदारी तय करने और संभावित कार्रवाई को लेकर फैसला हो सकता है.
यह भी पढ़ें-‘तहसील से लेकर डीएम तक के चक्कर काटे…’, सीएम योगी के आवास के पास टावर पर चढ़ी महिला
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

