Sanjeev Balyan On Rahul Gandhi: मुजफ्फरनगर/नीरज त्यागी: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मंगलवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दौरे के तहत मेरठ से दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग के रास्ते मुजफ्फरनगर पहुँचे. यहाँ पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. इस दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर एक ऐसा सियासी तंज कसा, जो अब सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है.
‘राहुल गांधी देश के नए कॉमेडियन, कपिल शर्मा हों चिंतित’ (Sanjeev Baliyan Mocks Rahul Gandhi)
मीडिया से बातचीत के दौरान जब संजीव बालियान से विपक्ष और राहुल गांधी को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने बड़े ही मजाकिया अंदाज में निशाना साधा. उन्होंने कहा, “राहुल गांधी से हमें कोई खतरा नहीं है, बल्कि कपिल शर्मा को खतरा होना चाहिए क्योंकि वह कॉमेडी शो करते हैं. उन्हें चिंतित होना चाहिए कि देश में एक नया कॉमेडियन आ गया है.
उन्होंने आगे कहा कि हमें चिंतित होने की कोई आवश्यकता नहीं है. मुझे लगता है कि ‘राहुल गांधी शो’ के नाम से कपिल शर्मा के शो के साथ एक नया कॉमेडी शो आना चाहिए.” बालियान के इस बयान पर वहां मौजूद कार्यकर्ताओं और पत्रकारों के बीच ठहाके गूंज उठे.
2027 में पूर्ण बहुमत से बनेगी बीजेपी सरकार: नितिन नवीन (Rahul Gandhi Is Like Kapil Sharma)
इससे पहले, भारी ट्रैफिक और कार्यकर्ताओं के भारी उत्साह के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग पर ही भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने वाहन के अंदर से ही कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया. मीडिया से बात करते हुए उन्होंने विश्वास जताया कि पिछले दो दिनों के पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दौरे में कार्यकर्ताओं का जोश देखकर यह पूरी तरह स्पष्ट है कि वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में बीजेपी पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है.
ये भी पढ़ें: बिहार में बजा चुनावी बिगुल: 8 सीटों के लिए शेड्यूल जारी; जानें कौन हैं PK के 5 उम्मीदवार?
खतौली और मुजफ्फरनगर बाइपास पर हुए इस शानदार स्वागत के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष सहारनपुर के लिए रवाना हो गए, जहां पार्टी की आगामी रणनीतियों को लेकर बैठकें आयोजित की जाएंगी.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


