राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ की जयंती के पावन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें शत-शत नमन किया है. पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (Twitter) पर पोस्ट साझा करते हुए कहा कि जनचेतना और राष्ट्रीय स्वाभिमान से ओतप्रोत दिनकर जी की ओजस्वी कविताएं आज भी हर भारतीय के दिल में शौर्य, तेज और आत्मगौरव का संचार करती हैं.
‘साहस की प्रेरणा है दिनकर जी का साहित्य’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश में राष्ट्रकवि के विराट व्यक्तित्व को याद करते हुए लिखा कि उनकी रचनाएं साहित्य को समृद्ध करने के साथ-साथ मातृभूमि के प्रति समर्पण को भी प्रेरित करती हैं. पीएम मोदी ने कहा कि रामधारी सिंह दिनकर का विराट व्यक्तित्व और उनका कालजयी कृतित्व युगों-युगों तक भारतवासियों का मार्गदर्शन करता रहेगा. उनकी ओजस्वी वाणी ने देश को स्वाभिमान से जीने की नई राह दिखाई है.
राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर जी की जयंती पर उन्हें मेरा शत-शत नमन। जनचेतना और राष्ट्रीय स्वाभिमान के भावों से भरी उनकी ओजस्वी कविताएं आज भी देशवासियों के हृदय में शौर्य, तेज और आत्मगौरव का संचार करती हैं। उनकी रचनाएं साहित्य को समृद्ध करने के साथ-साथ मातृभूमि के प्रति समर्पण को…
— Narendra Modi (@narendramodi) September 23, 2026
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी किया याद
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी राष्ट्रकवि को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि दिनकर जी की लेखनी ने राष्ट्र की चेतना, जनभावनाओं और सामाजिक सरोकारों को एक नया स्वर दिया. उन्होंने कहा कि ‘रश्मिरथी’, ‘कुरुक्षेत्र’, ‘उर्वशी’, ‘रेणुका’ और ‘संस्कृति के चार अध्याय’ जैसी कालजयी कृतियां भारतीय समाज को आज भी साहस, आत्मसम्मान और कर्तव्यबोध का संदेश देती हैं.
यह भी पढ़ें: ‘नक्सल के बाद अब नशे के धंधे पर वार!’ अमित शाह ने भरी हुंकार; नशामुक्त भारत के लिए क्या रखा लक्ष्य?
संसद में भी दिनकर जी ने निभाई थी ऐतिहासिक भूमिका
ओम बिरला ने राष्ट्रकवि के सार्वजनिक जीवन पर प्रकाश डालते हुए याद दिलाया कि दिनकर जी केवल एक महान कवि ही नहीं थे, बल्कि उन्होंने तीन बार राज्यसभा सदस्य के रूप में भी देश सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी. संसद के माध्यम से उन्होंने देश के सांस्कृतिक और सामाजिक चिंतन को नई दिशा दी. दिनकर जी की अमर साहित्यिक विरासत भारतीय साहित्य और राष्ट्रचिंतन को सदैव प्रेरित करती रहेगी.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




