राष्ट्रपति मुर्मू ने सितारों से स्वास्थ्य के लिए हानिकारक प्रचार न करने की अपील की
Droupadi Murmu On Celebrity Endorsement: 72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स का मंच सिर्फ फिल्मों और कलाकारों की उपलब्धियों तक सीमित नहीं रहा. मंगलवार ( 22 सितंबर) को गुजरात के एकता नगर में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (Droupadi Murmu) ने फिल्मी सितारों की लोकप्रियता और उनके सामाजिक प्रभाव को लेकर एक अहम संदेश दिया. उन्होंने कलाकारों से अपील की कि वे किसी भी प्रोडक्ट का प्रचार करने से पहले यह जरूर सोचें कि उसका लोगों की सेहत पर क्या असर पड़ सकता है.
राष्ट्रपति ने खास तौर पर बच्चों और युवाओं का जिक्र किया. उनका कहना था कि लोकप्रिय कलाकारों को बड़ी संख्या में लोग देखते और फॉलो करते हैं. ऐसे में स्क्रीन पर नजर आने वाले सितारों की कही और दिखाई गई बातें युवाओं की पसंद और आदतों को प्रभावित कर सकती हैं.
‘प्रचार करने से पहले सोचें’
द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि जब सफल कलाकार अनुशासित जीवनशैली और अच्छी आदतों के फायदे बताते हैं, तो लाखों बच्चे और युवा उनसे प्रेरणा लेते हैं. इसी प्रभाव को देखते हुए उन्होंने फिल्मी सितारों से ऐसे उत्पादों के प्रचार से बचने की अपील की, जो लोगों की सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं.
मैं यह अनुरोध करना चाहूंगी कि लोकप्रिय कलाकार स्वास्थ्य के लिए हानिकारक पदार्थों का endorsement न करें। Star वही है जो रोशनी फैलाए, अंधेरा नहीं। pic.twitter.com/5VPwBxK4Y2
— President of India (@rashtrapatibhvn) September 22, 2026
उन्होंने कलाकारों की जिम्मेदारी को एक बेहद सरल संदेश के जरिए सामने रखा, एक लोकप्रिय स्टार का काम सिर्फ पर्दे पर मनोरंजन करना नहीं, बल्कि समाज पर पड़ने वाले अपने प्रभाव को समझना भी है. राष्ट्रपति ने कहा कि असली स्टार वही है, जो समाज में रोशनी फैलाए, अंधेरा नहीं.
भारतीय सिनेमा के भविष्य पर जताया भरोसा
समारोह में राष्ट्रपति ने भारतीय सिनेमा की बदलती तस्वीर पर भी बात की. उन्होंने देश के अलग-अलग हिस्सों में बन रही फिल्मों की गुणवत्ता की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय फिल्में आने वाले समय में विश्व स्तर पर नए मानक स्थापित कर सकती हैं.
उन्होंने यह भी कहा कि भारत की क्रिएटिव इकॉनमी में फिल्म कलाकारों की भूमिका काफी महत्वपूर्ण है. उनकी पहुंच करोड़ों दर्शकों तक है और इसी वजह से उनका प्रभाव भी व्यापक है.
ये भी पढ़ें: दिल्ली में देर रात गरजा बुलडोजर, 30 साल पुरानी मस्जिद और मकानों पर बड़ी कार्रवाई
अनंत नाग को दादा साहब फाल्के पुरस्कार
72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स में कन्नड़ सिनेमा के दिग्गज अभिनेता अनंत नाग को भारतीय सिनेमा के सर्वोच्च सम्मानों में शामिल दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया. वहीं यामी गौतम को ‘आर्टिकल 370’ के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार मिला. ममूटी और कार्तिक आर्यन को उनके अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का सम्मान दिया गया.
इस तरह पुरस्कारों की चमक के बीच राष्ट्रपति मुर्मू की अपील ने फिल्मी सितारों की लोकप्रियता के साथ आने वाली सामाजिक जिम्मेदारी को भी चर्चा के केंद्र में ला दिया.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




