Patna Karma Puja Idol Immersion Drowning Incident
Patna Karma Puja Hadsa: बिहार के पटना जिले अंतर्गत बाढ़ अनुमंडल में कर्मा-धर्मा पूजा के बाद मूर्ति विसर्जन के दौरान एक बड़ा और दर्दनाक हादसा सामने आया है. बाढ़, अथमलगोला और बख्तियारपुर थाना क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर गंगा नदी में मूर्ति विसर्जन और स्नान करने के दौरान कुल 11 लोग डूबने लगे. स्थानीय लोगों की मुस्तैदी से 4 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि 1 युवक का शव बरामद हुआ है. वहीं, 6 लोग अब भी गंगा नदी में लापता हैं, जिनकी तलाश में प्रशासन और गोताखोर जुटे हुए हैं.
बाढ़ के पोस्ट ऑफिस घाट पर हादसा: 2 नाबालिग डूबे
बाढ़ थाना क्षेत्र स्थित पोस्ट ऑफिस घाट पर कर्मा पूजा की मूर्ति विसर्जन करने आए तीन युवक अचानक गहरे पानी में चले गए. वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए एक युवक को सुरक्षित बचा लिया, लेकिन दो मासूम गंगा की तेज धार में बह गए. लापता युवकों की पहचान गुलाबबाग नया टोला निवासी पीयूष कुमार (10 वर्ष, पिता- प्रेम पंडित) और सुजीत कुमार (15 वर्ष, पिता- बबलू चौधरी) के रूप में हुई है.
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
पीयूष की मां पूजा देवी ने बताया कि उन्होंने अपने बेटे को मूर्ति विसर्जन के लिए भेजा था और उसके पिता भी पीछे-पीछे घाट जा रहे थे. विसर्जन के बाद सभी दोस्त एक साथ स्नान करने लगे, तभी यह हादसा हो गया. अंचलाधिकारी रानी कुमारी ने बताया कि दो युवकों के डूबने की सूचना मिलते ही स्थानीय गोताखोरों को खोजबीन में लगाया गया है और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम को भी तुरंत मौके पर बुलाया गया है.
अथमलगोला में भाई-बहन गंगा में बहे
दुखद घटना की दूसरी खबर अथमलगोला थाना क्षेत्र से सामने आई. उस्मानपुर के वार्ड नंबर 9 में कर्मा पूजा की मूर्ति विसर्जन के दौरान एक ही परिवार के भाई-बहन गंगा नदी के गहरे पानी में समा गए. थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ की मदद से दोनों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है.
यह भी पढ़ें: कालकाजी में नाबालिग से हुई दरिंदगी के बाद LSR कॉलेज ने बढ़ाई सुरक्षा, क्लासेज की ऑनलाइन शिफ्ट
बख्तियारपुर में 6 युवक डूबे: 1 का शव बरामद, 2 लापता
तीसरी घटना बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के चंपापुर गांव के समीप गंगा घाट पर हुई. यहां कर्मा-धर्मा की मूर्ति विसर्जन करने गए 6 युवक अचानक नदी में डूबने लगे. स्थानीय ग्रामीणों ने मुस्तैदी दिखाते हुए तीन युवकों को डूबने से बचा लिया, लेकिन तीन अन्य गहराई में चले गए. पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद देदौर गांव (बबलू बगीचा) निवासी साहिल कुमार (पिता- रामेश्वर मोची) का शव बरामद कर लिया है. 2 अन्य की तलाश जारी: लापता दो अन्य युवकों की पहचान गोलू कुमार (पिता- अनिल कुमार) और बलवीर कुमार (पिता- निर्मल मोची) के रूप में हुई है. परिजनों ने बताया कि बलवीर अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था. बख्तियारपुर थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी तुरंत अंचलाधिकारी को दी गई है और एसडीआरएफ की टीम लापता युवकों की तलाश में जुटी हुई है. एक साथ हुए इन हादसों से पूरे इलाके और परिजनों में कोहराम मचा हुआ है.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




