Bharat Express DD Free Dish

₹825 करोड़ में बना वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, ओलंपिक 2036 और राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी को तैयार

Ahmedabad Sports Capital: अहमदाबाद के नारनपुरा में ₹825 करोड़ की लागत से 1.19 लाख वर्ग मीटर में बना वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स 18 खेलों के लिए विश्वस्तरीय सुविधाएं प्रदान कर रहा है. यह आधुनिक स्पोर्ट्स हब खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय कोचिंग देने के साथ-साथ कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 और ओलंपिक 2036 की मेजबानी में मुख्य भूमिका निभाएगा.

Veer Savarkar Sports Complex Ahmedabad Olympic 2036

Veer Savarkar Sports Complex Ahmedabad Olympic 2036

Ahmedabad Sports Capital: गुजरात का अहमदाबाद शहर तेजी से देश की ‘स्पोर्ट्स कैपिटल’ के रूप में उभर रहा है. अहमदाबाद के नारनपुरा इलाके में करीब 825 करोड़ रुपये की लागत से बनकर तैयार हुआ वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स आज देश के सबसे आधुनिक और विश्वस्तरीय खेल परिसरों में से एक बन चुका है. यह कॉम्प्लेक्स न केवल स्थानीय और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रशिक्षण सुविधाएं प्रदान कर रहा है, बल्कि भारत को वैश्विक खेल आयोजनों की मेजबानी के लिए तैयार करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है.

1.19 लाख वर्ग मीटर में फैला है यह खेल परिसर

गुजरात सरकार और केंद्र सरकार के संयुक्त सहयोग से निर्मित इस भव्य स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन 14 सितंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा किया गया था. कुल 1.19 लाख वर्ग मीटर में फैले इस विशाल परिसर को आधुनिक खेल जरूरतों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है. यहाँ दर्शकों की सुगमता के लिए 7 अलग-अलग एंट्री गेट बनाए गए हैं, साथ ही विजिटर्स और अधिकारियों के लिए 900 से अधिक वाहनों की विशाल पार्किंग व्यवस्था भी मौजूद है.

18 खेलों के लिए इनडोर-आउटडोर सुविधाएं

वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स खिलाड़ियों को एक ही छत के नीचे सर्वसुविधाजनक माहौल देता है. यहाँ 18 प्रमुख खेलों के लिए अंतरराष्ट्रीय मानकों वाली इनडोर और आउटडोर सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिनमें मुख्य रूप से शामिल हैं:
स्विमिंग (एक्वेटिक कॉम्प्लेक्स)
टेनिस, बैडमिंटन और टेबल टेनिस
शूटिंग और कुश्ती

जिमनास्टिक व अन्य फिटनेस स्पोर्ट्स

इसके अलावा, यहां खिलाड़ियों और कोचों के लिए रहने (एकोमोडेशन), स्पोर्ट्स मेडिसिन, एडवांस्ड फिटनेस सेंटर और न्यूट्रिशन-डाइट की पूरी व्यवस्था मौजूद है. स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में ट्रेनिंग ले रहे खिलाड़ियों और खेल विशेषज्ञों ने यहां की व्यवस्थाओं को लेकर काफी उत्साह जताया है.  खिलाड़ी गौतम पारिख का कहना है कि यहां डाइट और ट्रेनिंग की ऐसी बेहतरीन सुविधाएं हैं जो खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने के लायक बनाती हैं. खिलाड़ी रोहित ने बताया कि यहां देश के बेहतरीन ट्रेनर्स मौजूद हैं, जो फिटनेस और तकनीक दोनों पर विशेष ध्यान देते हैं. स्विमिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव मोनल चौकसी के अनुसार, यहां बना एक्वेटिक कॉम्प्लेक्स अंतरराष्ट्रीय मानकों पर पूरी तरह खरा उतरता है. अहमदाबाद म्युनिसिपल कमिश्नर बंछानिधि पाणी ने कहा कि वर्तमान में यहां 10 स्पोर्ट्स इवेंट्स के लिए उत्कृष्ट कोचिंग और प्रशिक्षण की सुविधाएं सफलतापूर्वक संचालित हो रही हैं.

कॉमनवेल्थ 2030 और ओलिंपिक 2036 में निभाएगा अहम भूमिका

यह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स केवल आज की जरूरतों को पूरा नहीं कर रहा, बल्कि भारत के भविष्य के बड़े सपनों का आधार भी है. अहमदाबाद को 2030 के कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी मिली है और भारत सरकार 2036 के ग्रीष्मकालीन ओलिंपिक खेलों की मेजबानी भी अहमदाबाद में कराने के लिए बोली लगा रही है. इन दोनों वैश्विक खेल महाकुंभों के सफल आयोजन में वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की भूमिका बेहद मुख्य और निर्णायक रहने वाली है.

यह भी पढ़ें: 4 बक्सों में 40 हजार पन्ने! अयोध्या राम मंदिर चोरी मामले में SIT ने दाखिल की चार्जशीट, बार एसोसिएशन ने किया कार्यबहिष्कार

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read