ग्रेटर नोएडा के यमुना एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस में भीषण आग लगने से 9 यात्रियों की मौत हो गई
Greater Noida Bus Fire: ग्रेटर नोएडा के यमुना एक्सप्रेसवे पर गुरुवार (24 सितंबर) सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया. दिल्ली से महोबा जा रही एक स्लीपर बस अचानक आग की लपटों में घिर गई. देखते ही देखते आग इतनी तेजी से फैली कि यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला. हादसे में 9 यात्रियों की मौत हो गई है, जबकि कई लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है.
यह हादसा यमुना एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट से करीब 32 किलोमीटर आगे जेवर थाना क्षेत्र में हुआ. बताया जा रहा है कि बस में उस समय करीब 40 से 50 यात्री सवार थे. आग लगने के बाद बस के अंदर अफरा-तफरी मच गई. अपनी जान बचाने के लिए कुछ यात्रियों ने चलती बस से बाहर छलांग लगा दी.
आग ने कुछ ही देर में पूरी बस को घेरा
ज्वाइंट सीपी राजीव नारायण मिश्रा के मुताबिक, आग लगने की सूचना मिलते ही फायर विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया. दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. हालांकि, बस को पूरी तरह ठंडा करने के लिए कूलडाउन प्रक्रिया जारी रही, ताकि अंदर किसी तरह का खतरा न रह जाए.
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान यह आशंका भी जताई गई कि कुछ यात्री बस के अंदर फंसे हो सकते हैं. ऐसे में फायर विभाग की टीम ने सावधानी से बस की जांच शुरू की. हादसे में कुल कितने लोग प्रभावित हुए हैं, इसकी पूरी तस्वीर रेस्क्यू और जांच पूरी होने के बाद ही साफ होगी.
सीएम योगी ने लिया हादसे का संज्ञान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्रेटर नोएडा बस हादसे का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए हैं. उन्होंने घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने और प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद देने के निर्देश दिए. मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसे का शिकार हुई बस राज कल्पना ट्रैवल्स की थी. बस का नंबर BR32 PA8647 बताया जा रहा है और यह दिल्ली से महोबा जा रही थी. कंपनी की बसों की यूपी और मध्य प्रदेश के अलग-अलग रूटों पर सेवाएं चलने की जानकारी भी सामने आई है.
फिलहाल बस में आग लगने की असली वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है. पुलिस मौके पर मौजूद यात्रियों और अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है. आग कैसे लगी और हादसे के पीछे क्या कारण रहा, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चलेगा.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

