Akhilesh Yadav Raebareli Poster War: उत्तर प्रदेश की हाई-प्रोफाइल सीट रायबरेली में समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के प्रस्तावित दौरे से ठीक पहले अचानक बड़ा राजनीतिक भूचाल आ गया है. जिले के प्रमुख चौराहों, मुख्य मार्गों और सार्वजनिक स्थानों पर रातों-रात अखिलेश यादव वापस जाओ” लिखे विवादित पोस्टर चस्पा कर दिए गए हैं. इन पोस्टरों के सामने आते ही जिले का सियासी पारा चढ़ गया है और सपा-भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच तीखी जुबानी जंग शुरू हो गई है.
दौरे से पहले गरमाई सियासत
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के रायबरेली आगमन की तैयारियों के बीच शहर का माहौल पूरी तरह गरमा गया है. सुबह जैसे ही लोग सड़कों पर निकले, शहर के लगभग सभी प्रमुख चौराहों और चौराहों के आसपास ‘अखिलेश यादव वापस जाओ’ लिखे बैनर और पोस्टर लटके मिले. अचानक हुए इस पोस्टर वार ने स्थानीय पुलिस-प्रशासन को भी अलर्ट मोड पर ला खड़ा किया है.
BJP नेता ने ली जिम्मेदारी(Akhilesh Yadav Raebareli Poster War)
शहर में लगे इन तीखे पोस्टरों को लेकर लग रहे तरह-तरह के कयासों पर उस वक्त विराम लग गया, जब स्थानीय भाजपा नेता हरिओम चतुर्वेदी ने खुलकर इसकी जिम्मेदारी ली. भाजपा नेता ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि ये पोस्टर किसी निजी रंजिश में नहीं, बल्कि रायबरेली की जनता और स्थानीय कार्यकर्ताओं की वास्तविक भावनाओं और आक्रोश का प्रतीक हैं. उन्होंने सपा मुखिया पर क्षेत्र की अनदेखी करने का आरोप भी लगाया.
सपा ने भाजपा पर बोला हमला
अखिलेश यादव के खिलाफ लगे इन पोस्टरों की खबर मिलते ही समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश फैल गया. सपा जिला नेतृत्व ने इसे भारतीय जनता पार्टी की घटिया और ओछी राजनीति करार दिया है. सपा नेताओं का कहना है कि अखिलेश यादव के बढ़ते जनाधार से घबराकर भाजपा ऐसे हथकंडे अपना रही है. सपा कार्यकर्ताओं ने तुरंत इन पोस्टरों को हटाने और सड़कों पर उतरकर विरोध दर्ज कराने की चेतावनी दी है.
रायबरेली में सियासी टकराव के आसार
रायबरेली हमेशा से ही उत्तर प्रदेश की राजनीति का एक बड़ा केंद्र रहा है. ऐसे में अखिलेश यादव के दौरे से ठीक पहले शुरू हुआ यह ‘पोस्टर वार’ आने वाले दिनों में और बड़े सियासी टकराव का रूप ले सकता है. सपा का कहना है कि वे इस तरह के गीदड़ भभकियों से डरने वाले नहीं हैं और पार्टी अध्यक्ष का रायबरेली में भव्य स्वागत किया जाएगा.
ये भी पढ़ें- बिहार के समस्तीपुर में जमुई पार्ट-2! फोटो ले रही लड़की से दिनदहाड़े बदसलूकी, VIDEO हुआ वायरल
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





