नहीं रहे 'वेलकम फेम' मुश्ताक खान
Mushtaq Khan Passed Away: हिंदी सिनेमा से बुरी खबर आई है. अपने दमदार अभिनय से लोगों को हंसाने वाले मशहूर एक्टर मुश्ताक खान अब हमारे बीच नहीं रहे. 24 सितंबर को मुंबई में उन्होंने आखिरी सांस ली. बताया जा रहा है कि उनकी उम्र 56 साल थी. लंबे समय से वह गंभीर बीमारी से लड़ रहे थे और पिछले 15 दिनों से मुंबई के नानावती अस्पताल में भर्ती थे. लाख कोशिशों के बाद भी डॉक्टर उन्हें बचा नहीं पाए. उनके जाने से पूरी फिल्म इंडस्ट्री सदमे में है.
बेटे ने की पुष्टि, कल होगा अंतिम संस्कार
मुश्ताक खान के निधन की जानकारी उनके बेटे मोहसिन खान और बिजनेस पार्टनर शिवम ने दी है. परिवार ने बताया कि मुश्ताक खान ने फिल्म इंडस्ट्री में करीब चार दशक से ज्यादा समय बिताया और 250 से ज्यादा फिल्मों में काम किया. उनका अंतिम संस्कार 25 सितंबर को मुंबई के यारी रोड वाले कब्रिस्तान में किया जाएगा, जहां उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा.
5 साल से कैंसर से कर रहे थे सामना
रिपोर्ट्स के मुताबिक मुश्ताक खान को करीब 5 साल पहले कैंसर का पता चला था. इलाज के बाद वह ठीक भी हो गए थे, लेकिन कुछ समय पहले बीमारी फिर लौट आई और इस बार तबीयत ज्यादा बिगड़ गई. अचानक हालत खराब होने पर उन्हें ICU में भर्ती करना पड़ा. कहा जाता है कि इस मुश्किल वक्त में सलमान खान के पिता सलीम खान ने उनकी काफी मदद भी की थी.
वेलकम वाला बल्लू बनकर हुए थे अमर
मुश्ताक खान ने भले ही ज्यादातर सपोर्टिंग रोल किए लेकिन हर किरदार को यादगार बना दिया. अक्षय कुमार की फिल्म वेलकम में उनका बल्लू का रोल आज भी लोग नहीं भूले हैं. उनका डायलॉग – मेरी एक टांग नकली है, मैं हॉकी का बहुत बड़ा खिलाड़ी था, आज भी लोगों की जुबान पर है.
ये भी पढ़ें-‘बालिका वधू’ के 18 साल: छोटी आनंदी बनीं स्टार, एक ने खुदकुशी की तो दो बड़े सितारों की थम गईं सांसें
300 से ज्यादा फिल्मों में किया काम
थिएटर से अपने करियर की शुरुआत करने वाले मुश्ताक खान ने हम हैं राही प्यार के, गदर, मुझसे शादी करोगी, हेरा फेरी, स्त्री 2 जैसी कई बड़ी फिल्मों में काम किया. फिल्मों के साथ-साथ वह नुक्कड़, भारत एक खोज जैसे टीवी शोज में भी नजर आए थे.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


