Bharat Express DD Free Dish

‘शादियों में भीड़, अंतिम विदाई में सन्नाटा’ मुश्ताक खान की विदाई पर रजा मुराद ने किसे सुनाई खरी-खोटी?

Mushtaq Khan Funeral: मुश्ताक खान के अंतिम संस्कार में बड़े बॉलीवुड सितारों की गैरमौजूदगी पर रजा मुराद ने सवाल उठाए और कलाकार के प्रति सम्मान को लेकर बात कही. उन्होंने कहा कि मुश्ताक खान ने करीब पांच दशक तक फिल्म इंडस्ट्री को दिए, लेकिन उन्हें अंतिम विदाई देने के लिए कई बड़े चेहरे नहीं पहुंचे.

Raza Murad Mushtaq Khan Funeral Statement

Raza Murad Mushtaq Khan Funeral Statement

Raza Murad Mushtaq Khan Funeral Statement: एक्टर मुश्ताक खान के निधन के बाद उनके अंतिम संस्कार में बॉलीवुड के बड़े सितारों की गैरमौजूदगी को लेकर अभिनेता रजा मुराद ने सवाल उठाए हैं. उन्होंने दिवंगत अभिनेता को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि फिल्म इंडस्ट्री के लिए करीब पांच दशक तक काम करने वाले कलाकार को आखिरी विदाई देने के लिए कई बड़े चेहरे नहीं पहुंचे. रजा मुराद ने इस बात पर सार्वजनिक रूप से नाराजगी जाहिर की.

‘कोई बड़ा चेहरा उन्हें आखिरी सलाम देने नहीं आया’

शनिवार सुबह इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए एक वीडियो में रजा मुराद ने मुश्ताक खान के निधन पर दुख व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि यह अफसोस की बात है कि उनके अंतिम संस्कार में कोई बड़ा स्टार या चेहरा नजर नहीं आया. हालांकि, उन्होंने किसी भी सेलिब्रिटी का नाम लेकर सीधे तौर पर आलोचना नहीं की.रजा मुराद ने कहा कि मुश्ताक खान ने अपनी पूरी जिंदगी फिल्म इंडस्ट्री को दी और अपने काम के दम पर पहचान बनाई. उन्होंने सवाल किया कि ऐसे कलाकार के अंतिम संस्कार के लिए लोग 50 मिनट भी क्यों नहीं निकाल सके.

‘उद्योगपति के बेटे की शादी में पहुंच जाते हैं’

अपने वीडियो में रजा मुराद ने फिल्म इंडस्ट्री के कुछ बड़े सितारों के व्यवहार पर भी टिप्पणी की. उन्होंने कहा कि अगर किसी बड़े उद्योगपति के बेटे की शादी हो तो कई सितारे वहां पहुंच जाते हैं, लेकिन एक साथी कलाकार की अंतिम विदाई में शामिल होने के लिए समय नहीं निकालते. उन्होंने यह भी कहा कि जब किसी राजनीतिक पार्टी की ओर से बुलावा आता है, तो सितारे वहां पहुंच जाते हैं. रजा मुराद के इस बयान को बॉलीवुड में कलाकारों के बीच रिश्तों और प्राथमिकताओं को लेकर उनकी नाराजगी के तौर पर देखा जा रहा है.

‘चेहरा नहीं, आपके कर्म काम आएंगे’

रजा मुराद ने मुश्ताक खान के करियर और उनके व्यवहार की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने कभी किसी की चापलूसी नहीं की और अपने काम के दम पर इंडस्ट्री में जगह बनाई. उन्होंने कलाकारों को यह भी याद दिलाया कि शोहरत और खूबसूरती हमेशा कायम नहीं रहती. उन्होंने कहा कि इंसान के साथ आखिर में उसका अच्छा व्यवहार और उसके कर्म ही जाते हैं. उनका यह संदेश मुश्ताक खान के निधन के संदर्भ में था.

यह भी पढ़ें: ‘अरे तेजू भैया… सच बोल सकते हैं आप!’ तेजप्रताप के मुहं से निकल गया मोटी तो क्या बोलीं स्वरा भास्कर?

24 सितंबर को हुआ मुश्ताक खान का निधन

मुश्ताक खान का 24 सितंबर को निधन हुआ था. रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह पिछले कुछ समय से अस्पताल में भर्ती थे. उनके बिजनेस पार्टनर ने बताया था कि अभिनेता को पहले लंग कैंसर हुआ था और इलाज के बाद वह ठीक हो गए थे. हालांकि, सितंबर की शुरुआत में बीमारी दोबारा सामने आई और उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया.

अन्नू कपूर समेत ये कलाकार पहुंचे

मुश्ताक खान के अंतिम संस्कार में अन्नू कपूर, गजेंद्र चौहान और राजपाल यादव समेत कुछ कलाकार शामिल हुए. अन्नू कपूर ने दिवंगत अभिनेता को अपना प्रिय दोस्त और साथी बताते हुए श्रद्धांजलि दी. अन्नू कपूर ने बताया कि उन्होंने करीब छह महीने पहले कानपुर में मुश्ताक खान के साथ काम किया था. उन्होंने कहा कि उस दौरान मुश्ताक खान खुश और सामान्य नजर आ रहे थे. अन्नू कपूर ने उनके साथ करीब तीन साल पहले भी काम करने की बात कही और उन्हें एक अच्छे इंसान के तौर पर याद किया.

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read