Bharat Express DD Free Dish

अचूक निशाना और गजब का संयम! ईशा सिंह के सिल्वर मेडल जीतने पर अमित शाह ने दी बधाई, कही यह बड़ी बात

एशियन गेम्स 2026 में भारतीय शूटर ईशा सिंह ने महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल व्यक्तिगत स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल जीता. उनकी इस उपलब्धि पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु समेत कई केंद्रीय मंत्रियों और नेताओं ने बधाई दी.

Amit Shah

एशियन गेम्स 2026 में भारतीय निशानेबाज ईशा सिंह ने एक बार फिर अपने शानदार प्रदर्शन से देश का नाम रोशन किया है. महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल की व्यक्तिगत स्पर्धा में ईशा ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया. मुकाबला कड़ा रहा और कई मौकों पर उन पर दबाव भी बना, लेकिन उन्होंने अपना संयम बनाए रखा और शानदार निशानेबाजी के दम पर पोडियम पर जगह बनाई.

ईशा की इस उपलब्धि के बाद उन्हें देशभर से बधाइयां मिल रही हैं. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के जरिए भारतीय शूटर को शुभकामनाएं दीं. राष्ट्रपति ने ईशा के प्रदर्शन की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी निशानेबाजी में कौशल, सटीकता और लगातार अच्छा प्रदर्शन करने की क्षमता साफ दिखाई दी. उन्होंने उम्मीद जताई कि ईशा आने वाले समय में भी देश के लिए कई और सफलताएं हासिल करेंगी.

दबाव में भी नहीं डगमगाया ईशा का खेल

25 मीटर पिस्टल जैसी स्पर्धा में खिलाड़ियों को सिर्फ निशाना साधने की क्षमता ही नहीं, बल्कि दबाव के बीच खुद को संभालने की भी जरूरत होती है. ईशा ने मुकाबले के दौरान यही मजबूती दिखाई. कई शूट-ऑफ के बाद भी उन्होंने अपना फोकस बनाए रखा और आखिर तक पदक की दौड़ में बनी रहीं.

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी ईशा को सिल्वर मेडल जीतने पर बधाई दी. उन्होंने कहा कि मुश्किल परिस्थितियों और दबाव के बावजूद अच्छा प्रदर्शन करने का ईशा का जज्बा इस जीत को खास बनाता है. उन्होंने ईशा के आगे भी इसी तरह सफलता हासिल करने की कामना की.

खेल मंत्री और किरेन रिजिजू ने भी सराहा

केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने ईशा सिंह को महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल व्यक्तिगत स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीतने पर शुभकामनाएं दीं. वहीं, केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री और अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने भी ईशा के प्रदर्शन की प्रशंसा की.

रिजिजू ने कहा कि ईशा ने दबाव के बीच शांत रहते हुए आखिरी तक मुकाबला किया और भारतीय शूटिंग के लिए एक और गर्व का पल दिया. उनके मुताबिक, इस प्रदर्शन ने एक बार फिर भारतीय निशानेबाजी की मजबूती को सामने रखा है.

योगी और रेखा गुप्ता ने भी दी बधाई

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी ईशा सिंह की उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी. उन्होंने ईशा के संयम और दृढ़ संकल्प की तारीफ करते हुए कहा कि कड़े शूट-ऑफ के मुकाबलों के बीच भी उन्होंने धैर्य नहीं खोया और एशियन गेम्स में एक और पदक हासिल किया.

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी ईशा को सिल्वर मेडल जीतने पर शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि ईशा का फोकस, संयम और दृढ़ संकल्प देश के लिए गर्व की बात है.

ये भी पढ़ें:  रांची में श्यामा प्रसाद मुखर्जी का अपमान, भड़की भाजपा तो कांग्रेस ने बताया कर्मों का फल

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read