चिराग पासवान
Chirag Paswan satisfied with ECI: देश में चुनाव आयोग (ECI) की कार्यप्रणाली और विपक्ष के लगातार सवालों के बीच केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने बड़ा बयान दिया है. चुनाव आयोग द्वारा हाल ही में उठाए गए हर मुद्दे पर बिंदुवार जवाब दिए जाने के बाद, चिराग पासवान ने इस पर पूरी तरह संतोष जताया है. उन्होंने साफ कहा कि वे आयोग के स्पष्टीकरण से संतुष्ट हैं और विपक्ष बेवजह इस मुद्दे पर राजनीति कर रहा है.
‘विपक्ष का रवैया चुनिंदा और पक्षपाती है’ (Chirag Paswan ECI Statement)
मीडिया से बातचीत करते हुए चिराग पासवान ने कहा कि उन्होंने हमेशा जनता की चिंताओं को प्राथमिकता दी है. चुनाव आयोग ने जिस तरह से हर सवाल का खुलकर और बिंदुवार जवाब दिया है, उससे उनका संतोष बढ़ा है. विपक्ष पर करारा प्रहार करते हुए उन्होंने कहा, “वे निश्चित रूप से उन राज्यों पर ध्यान देते हैं जहां एनडीए या बीजेपी की सरकारें बनी हैं, लेकिन वे उन राज्यों को नहीं देखते जहां उनकी अपनी सरकारें सत्ता में हैं.”
ये भी पढ़ें: ‘राशन में गड़बड़ी तो चुप्पी नहीं…’, WhatsApp से भेजें ‘Hi’ और दिल्ली से पाएं समाधान
चिराग ने उदाहरण देते हुए पूछा कि केरल या हिमाचल प्रदेश में विपक्षी दलों की सरकारें कैसे सत्ता में आ गईं? उन्होंने दो टूक कहा कि ऐसा बिल्कुल नहीं हो सकता कि एक जगह की चुनावी प्रक्रिया को गलत और दूसरी जगह की प्रक्रिया को सही मान लिया जाए.
‘जहां विपक्ष जीतता है, वहां वे चुप रहते हैं’ (Chirag Paswan Target Congress)
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) जैसे मुद्दों पर बात करते हुए चिराग ने विपक्ष को घेरते हुए कहा कि अगर यह मुद्दा इतना ही बड़ा था, तो विपक्षी नेता चुनाव कैसे जीत पाए? उन्होंने प्रियंका गांधी की जीत का हवाला देते हुए कहा कि जहां विपक्ष चुनाव जीत जाता है, वहां वे कोई सवाल नहीं उठाते और पूरी तरह खामोश रहते हैं, लेकिन हार मिलने पर संस्थाओं पर बेबुनियाद भ्रम फैलाया जाता है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


