Bharat Express DD Free Dish

बुझ गया चिराग..; गोपालगंज मेले में इकलौते बेटे की निर्मम हत्या, मां के सामने खून क्यों?

Gopalganj Crime News: बिहार के गोपालगंज में खौफनाक कत्ल का मामला सामने आया है. महावीरी अखाड़ा मेला हिमांशु यादव की बदमाशों ने उसकी मां के सामने चाकू घोंपकर निर्मम हत्या कर दी जानिए क्या है पूरा मामला?

Gopalganj-Hathua-Youth-Murder-Mela-Roopanchak

गोपालगंज में युवक की हत्या

Gopalganj Crime News: गोपालगंज/अटल बिहारी पाण्डेय: हथुआ थाना क्षेत्र के रूपनचक गांव में एक बार फिर बेखौफ बदमाशों ने खूनी खेल खेलते हुए एक हंसते-खेलते परिवार को कभी न भूलने वाला जख्म दे दिया है. महावीरी अखाड़ा जुलूस का मेला देखने गए 18 वर्षीय एक युवक की बदमाशों ने उसकी मां के सामने ही सीने में चाकू घोंपकर बेरहमी से हत्या कर दी.

इस सनसनीखेज वारदात के बाद मेला परिसर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई है. मृतक की पहचान बसंत यादव के 18 वर्षीय बेटे हिमांशु यादव के रूप में की गई है, जो अपने माता-पिता का इकलौता सहारा और घर का इकलौता चिराग था.

मां के सामने हुई बेटे की हत्या (Youth Killed In Gopalganj Mela)

जानकारी के अनुसार, हिमांशु अपने घर से महज सौ मीटर की दूरी पर गांव में ही आयोजित महावीरी अखाड़ा का मेला देखने निकला था. इसी दौरान गांव के ही कुछ बदमाशों ने उसे घेर लिया. इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, बदमाशों ने लाठी-डंडों से मारपीट करने के बाद तेजधार चाकू से उसके सीने पर ताबड़तोड़ वार कर दिए और चाकू को अंदर घुमाकर उसकी जान ले ली.

ये भी पढ़ें: ‘मैं संतुष्ट हूं…’, अचानक से चिराग पासवान को किस बात का संतोष मिला?

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. बेटे को अपनी आंखों के सामने इस तरह तड़पकर मरते देख मां चीख पड़ी, लेकिन हमलावरों ने उन्हें भी पकड़ लिया. सदमे और दुख से मां मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ी, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

पुरानी रंजिश की आशंका (Gopalganj Mela Murder Case)

मृतक के पिता ने गांव के ही कुछ लोगों पर पुरानी रंजिश के तहत इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम देने का आरोप लगाया है. परिवार के मुताबिक, हिमांशु दो बहनों के बीच इकलौता भाई था. उसने पिछले साल ही मैट्रिक की परीक्षा पास की थी और घर पर रहकर खेती-किसानी में हाथ बंटाता था, जबकि उसके पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं.

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंचा और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है, लेकिन इस दर्दनाक वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read