राहुल गांधी से मिले स्वामी प्रसाद मौर्य
Swami Prasad Maurya: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले सियासत ने फिर करवट ले ली है. पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात की है. मुलाकात के बाद उन्होंने अपनी जनता पार्टी के INDIA गठबंधन में शामिल होने का ऐलान कर दिया.
मौर्य ने कहा कि उनकी पार्टी अब INDIA गठबंधन के साथ मिलकर यूपी विधानसभा चुनाव लड़ेगी. हालांकि कितनी सीटों पर चुनाव लड़ना है और सीटों का बंटवारा कैसे होगा, इस पर अभी कोई फैसला नहीं हुआ है.
राहुल से मुलाकात के बाद क्या बोले मौर्य?
लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात के बाद स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि अपनी जनता पार्टी INDIA गठबंधन का हिस्सा होगी. आगे की रणनीति पर बाद में चर्चा होगी. वहीं सीटों को लेकर उन्होंने कहा कि अभी इसपर चर्चा नहीं हुई है. मौर्य ने कहा कि गठबंधन में उनकी पार्टी कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी, इसका फैसला आगे की बातचीत में होगा.
#WATCH | दिल्ली | अपनी जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस सांसद और लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से अपनी मुलाकात पर कहा, “राहुल गांधी SC-ST, OBC और अल्पसंख्यकों तथा देश से जुड़े सभी मुद्दों पर आवाज उठा रहे हैं, संघर्ष कर रहे हैं। इन्हीं मुद्दों… pic.twitter.com/dbeGdWr7OO
— ANI_HindiNews (@AHindinews) October 3, 2026
उन्होंने इस दौरान बीजेपी पर जमकर निशाना साधा. स्वामी प्रसाद मौर्य ने जनता से बीजेपी को हटाने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य ‘बीजेपी हटाओ, देश बचाओ और संविधान बचाओ’ है.
SC-ST, OBC और अल्पसंख्यक हैं मुद्दा
उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने राहुल गांधी से मुलाकात को लेकर बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देशभर में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़े वर्ग और अल्पसंख्यकों की आवाज उठा रहे हैं.
मौर्य ने कहा कि उनकी पार्टी भी उत्तर प्रदेश में इन्हीं वर्गों से जुड़े मुद्दों पर काम कर रही है. हम दोनों की विचारधारा एक ही है. इसलिए उन्होंने INDIA गठबंधन के साथ जाने का फैसला किया है.
कांग्रेस को बताया राष्ट्रीय स्तर पर विकल्प
स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस ही एक विकल्प है. इसी वजह से उनकी पार्टी ने INDIA गठबंधन के साथ जुड़ने का फैसला किया है. उन्होंने संकेत दिया कि राहुल गांधी से उनकी मुलाकात अभी सिर्फ शुरुआत भर है. आगे और नेताओं से बातचीत हो सकती है. गठबंधन की रणनीति भी आगे तय की जाएगी.
कई दलों में रह चुके हैं मौर्य
स्वामी प्रसाद मौर्य का राजनीतिक सफर कई पार्टियों से होकर गुजरा है. वह लंबे समय तक बहुजन समाज पार्टी में रहे. मायावती सरकार में मंत्री और नेता प्रतिपक्ष भी रहे. इसके बाद मौर्य बीजेपी में शामिल हुए. साल 2017 में बीजेपी की सरकार बनने के बाद वह योगी आदित्यनाथ सरकार में कैबिनेट मंत्री बने.
बाद में उन्होंने बीजेपी छोड़ दी और समाजवादी पार्टी में चले गए. वहां भी ज्यादा समय नहीं रहे. मतभेद के बाद उन्होंने सपा से इस्तीफा दे दिया और अपनी अलग पार्टी बनाई.
ये भी पढ़ें- गोरखपुर और आगरा शिक्षक सीट पर सपा का मास्टरस्ट्रोक! BJP के बागी डॉ. संजयन और डॉ. आकाश अग्रवाल बने प्रत्याशी
मौर्य कुशीनगर की पडरौना विधानसभा सीट से विधायक रह चुके हैं. अब INDIA गठबंधन में उनकी पार्टी की एंट्री के बाद यूपी की राजनीति में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं. सबसे बड़ा सवाल सीटों को लेकर है. मौर्य की पार्टी को कितनी सीटें मिलेंगी और किन सीटों पर उम्मीदवार उतारे जाएंगे, यह साफ नहीं हो पाया है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

