मुजफ्फरनगर में खौफनाक सड़क हादसा
UP News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में सोमवार देर रात एक ऐसा भयानक सड़क हादसा हुआ, जिसने हर किसी का दिल दहला दिया. लक्सर से एक परिवार अपने रिश्तेदार के जन्मदिन समारोह में शामिल होकर खुशी-खुशी वापस लौट रहा था, लेकिन किसे पता था कि यह सफर उनका आखिरी सफर बन जाएगा. पुरकाजी थाना क्षेत्र के लक्सर मार्ग पर एक तेज रफ्तार डंपर और स्कॉर्पियो कार की आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई. इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए.
जन्मदिन की खुशियां पलभर में मातम में डूबीं
हादसे का शिकार हुआ परिवार नई मंडी कोतवाली क्षेत्र की हरी वृंदावन कॉलोनी का रहने वाला था. जानकारी के मुताबिक, आदेश गोयल (50) अपने परिवार के साथ लक्सर में अपनी मौसी राधेश्याम के 75वें जन्मदिन के फंक्शन में शामिल होने गए थे. देर रात जब पूरा परिवार स्कॉर्पियो कार से वापस अपने घर लौट रहा था, तभी पुरकाजी-लक्सर रोड पर यह हादसा हो गया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और चीख-पुकार मच गई.
हादसे में इन लोगों की गई जान
इस भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वालों में 50 वर्षीय आदेश गोयल, 48 वर्षीय राखी, 35 वर्षीय निशा और 11 वर्षीय गोनी शामिल हैं. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़े और पुलिस को सूचना दी. पुरकाजी थाना पुलिस ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और बड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया.
घायलों की हालत गंभीर, हायर सेंटर रेफर
हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए लोगों को पहले मुजफ्फरनगर जिला अस्पताल लाया गया. डॉक्टरों ने मृतक आदेश गोयल की पत्नी रूबी गोयल, कुसुम गोयल (पत्नी दिनेश गोयल) और एक छोटी बच्ची की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें तुरंत मेरठ के हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया है, जहां उनका इलाज चल रहा है.
ये भी पढ़ें- ‘मुझे पति से बचा लो…’, पहले दिया तीन तलाक, फिर देवरों से कराया हलाला
पुलिस की कार्रवाई
एडीएम प्रशासन देश दीपक सिंह ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए डंपर को अपने कब्जे में ले लिया है और आरोपी ड्राइवर को भी गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर यह टक्कर किन परिस्थितियों में हुई. इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद से मृतक के परिवार और पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


