Sundarbani Suspected Terrorists: रवि शर्मा/जम्मू-कश्मीर: जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले स्थित सुंदरबनी इलाके में संदिग्ध आतंकियों की मौजूदगी की खबर के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र को घेरकर बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है. बताया जा रहा है कि संदिग्ध आतंकियों ने एक स्थानीय युवक को कथित तौर पर गाइड के रूप में इस्तेमाल करने की कोशिश की थी, लेकिन युवक उनके चंगुल से भाग निकलने में सफल रहा. घटना के तुरंत बाद इलाके में हाई अलर्ट जारी कर पूरे सुंदरबनी और आसपास के जंगलों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है.
सड़कों पर नाकेबंदी
घटना की गंभीरता को देखते हुए सुंदरबनी और उससे लगे सभी प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है. जगह-जगह नाके लगाकर सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) के जवान तैनात हैं.
सड़क मार्ग से गुजरने वाले हर वाहन की गहनता से चेकिंग की जा रही है और यात्रियों के पहचान पत्रों की जांच के बाद ही उन्हें आगे जाने दिया जा रहा है.
पुलिस और बलों की हाई-लेवल मीटिंग
इलाके में उपजे हालातों को देखते हुए सुंदरबनी ट्राइजंक्शन पर सेना, पुलिस और सुरक्षा बलों के आला अधिकारियों की एक संयुक्त सुरक्षा समीक्षा एवं समन्वय बैठक आयोजित की गई. इस उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता डीआईजी उधमपुर-रियासी रेंज शिव कुमार शर्मा और डीआईजी राजौरी-पुंछ रेंज संदीप वजीर ने संयुक्त रूप से की.
बैठक में मौजूदा सुरक्षा स्थिति, सुरक्षा बलों की तैनाती और क्षेत्र की नाकेबंदी का जायजा लिया गया. अधिकारियों ने सीमावर्ती क्षेत्रों में अंतर-जिला समन्वय, खुफिया सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान और ऑपरेशनल तैयारियों को और मजबूत करने पर जोर दिया.
घुसपैठ का संवेदनशील रूट रहा सुंदरबनी
गौरतलब है कि सुंदरबनी और आसपास का यह क्षेत्र भौगोलिक दृष्टिकोण से बेहद संवेदनशील है और पूर्व में भी आतंकियों द्वारा सीमा पार से घुसपैठ के लिए इस रूट का इस्तेमाल किया जाता रहा है. अधिकारियों ने सभी सुरक्षा बलों को अलर्ट मोड पर रहने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने के सख्त निर्देश दिए हैं.
यह भी पढ़ें: ज्ञानेश कुमार के लिए गले की फांस बना फॉर्म-6, जानें क्या हैं वो 3 बदलाव जिन पर मचा है बवाल?
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


