BIMSTEC Home Ministers Meeting: भारत 13 अक्टूबर 2026 को एक अहम क्षेत्रीय बैठक की मेजबानी करने जा रहा है. राजधानी नई दिल्ली में BIMSTEC देशों के गृह मंत्रियों की पहली बैठक आयोजित की जाएगी. केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने इसे भारत के लिए गर्व का विषय बताया है. उन्होंने कहा कि यह आयोजन सदस्य देशों के बीच सुरक्षा सहयोग को नई दिशा देने वाला कदम साबित होगा.
सोशल मीडिया पर जताई खुशी
अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए इस बैठक को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि भारत के लिए पहली BIMSTEC गृह मंत्रियों की बैठक की मेजबानी करना सम्मान की बात है. साथ ही उन्होंने बैठक में हिस्सा लेने आ रहे सभी सदस्य देशों के गृह मंत्रियों और उनके प्रतिनिधिमंडलों का स्वागत भी किया.
सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर रहेगा फोकस
गृह मंत्री के मुताबिक इस बैठक में कई महत्वपूर्ण सुरक्षा चुनौतियों पर चर्चा होगी. आतंकवाद, सीमा-पार संगठित अपराध, नशीले पदार्थों की तस्करी, कट्टरपंथ और अन्य अवैध गतिविधियों से निपटने के लिए सदस्य देशों के बीच सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा. इसके अलावा क्षेत्रीय सुरक्षा को प्रभावित करने वाले अन्य खतरों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा.
साइबर खतरे और अवैध फंडिंग भी एजेंडे में
बैठक में केवल पारंपरिक सुरक्षा चुनौतियों तक ही चर्चा सीमित नहीं रहेगी. अवैध वित्तीय लेन-देन और तेजी से बढ़ते साइबर अपराधों से निपटने के उपाय भी प्रमुख एजेंडे में शामिल रहेंगे. सदस्य देशों के बीच बेहतर सूचना साझा करने और प्रभावी समन्वय स्थापित करने को लेकर भी रणनीति तैयार की जा सकती है.
मजबूत क्षेत्रीय सहयोग की दिशा में कदम
अमित शाह ने कहा कि BIMSTEC के सभी सदस्य देश आपसी तालमेल को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं. उनका मानना है कि साझा प्रयासों और प्रभावी समन्वय के जरिए पूरे BIMSTEC क्षेत्र को अधिक सुरक्षित और सशक्त बनाया जा सकता है.
ये भी पढ़ें-कोई भी योग्य वोटर नहीं छूटेगा! चुनाव आयोग का बड़ा ऐलान, दिल्ली में 20 लाख वोटरों की समस्या अब होगी हल
क्षेत्रीय सुरक्षा पर होगी व्यापक चर्चा
इस बैठक को क्षेत्रीय सहयोग के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. सुरक्षा से जुड़े साझा खतरों पर विचार करने, व्यावहारिक समाधान तलाशने और सदस्य देशों के बीच भरोसा बढ़ाने के लिए यह मंच अहम भूमिका निभा सकता है. बैठक के जरिए क्षेत्रीय सुरक्षा ढांचे को और मजबूत करने की दिशा में नए रास्ते तलाशने की उम्मीद की जा रही है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


