शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर पूरे देश के साथ उत्तर प्रदेश में भी भक्ति और अध्यात्म का माहौल छाया हुआ है. नवरात्रि की षष्ठी तिथि पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए मां कात्यायनी का नमन किया. हर बार की तरह इस बार भी अनुष्ठान का पालन कर रहे सीएम योगी ने गोरखपुर के प्रसिद्ध गोरखनाथ मंदिर और बलरामपुर के देवी पाटन धाम में कलश स्थापना की है. वह शारदीय और चैत्र नवरात्रि में नियमपूर्वक उपवास रखते हैं. मां कात्यायनी को याद करते हुए उन्होंने कहा कि मां का यह स्वरूप अदम्य साहस, अटूट संकल्प और अजेय पराक्रम का प्रतीक है, जो जीवन में सभी बाधाओं का नाश करता है.
2017 के पहले और अब के UP का अंतर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए सूबे में आए प्रशासनिक और सामाजिक बदलावों का विशेष जिक्र किया. उन्होंने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि साल 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में भय, अराजकता और उपेक्षा का माहौल छाया हुआ था. उस दौर में बेटियों के सपनों पर बंदिशें थीं और राज्य की प्रतिभाएं अवसर के अभाव में दम तोड़ने को मजबूर थीं. खेल के मैदानों पर भू-माफिया का कब्जा हुआ करता था और खिलाड़ियों के लिए न तो संसाधन उपलब्ध थे और न ही प्रोत्साहन.
सीएम योगी ने जोर देकर कहा कि बीते साढ़े नौ वर्षों में उनकी सरकार ने इस तस्वीर को पूरी तरह बदल दिया है. अब डर की जगह सुरक्षा ने ले ली है, और अभाव की जगह खेल संसाधनों के व्यापक विस्तार ने ली है.
‘पदक लाओ, पद पाओ’ नीति से बेटियों ने रचा इतिहास
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ‘पदक लाओ, पद पाओ’ नीति के जरिए ओलंपिक, एशियन और कॉमनवेल्थ गेम्स के पदक विजेताओं को सीधे सरकारी नौकरी और करोड़ों के नकद पुरस्कार दे रही है. इसका परिणाम है कि गांव के मिनी स्टेडियम से लेकर मेरठ के मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय तक बेटियों को अपनी प्रतिभा चमकाने का मजबूत आधार मिल रहा है.
सीएम योगी ने गर्व के साथ पारुल चौधरी, प्रियंका गोस्वामी, अन्नू रानी, दीप्ति शर्मा, वंदना कटारिया और दिव्या काकरान जैसी स्टार महिला एथलीटों के नामों का उल्लेख किया, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर तिरंगा फहराकर प्रदेश का मान बढ़ाया है. मुख्यमंत्री ने दोहराया कि आस्था, विकास और विरासत के संगम से यूपी में बदलाव की एक नई और स्वर्णिम गाथा लिखी जा रही है.
यह भी पढ़ें: दीपावली से पहले स्वच्छता मित्रों को सीएम योगी का तोहफा, मानदेय में भारी बढ़ोतरी से खिले कर्मचारियों के चेहरे
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.






