Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन सहित कई नेताओं ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को दी जन्मदिन की बधाई

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सहित कई नेताओं की ओर से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को जन्मदिन की बधाई दी गई है.

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के जन्मदिन के मौके पर भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से लेकर पार्टी के राष्ट्रीय महासचिवों और केंद्रीय गृह राज्यमंत्री संजय बंडी तक, कई नेताओं ने सोशल मीडिया के जरिए अमित शाह को बधाई दी. इस दौरान नेताओं ने उनके राजनीतिक अनुभव, संगठन को मजबूत करने में उनकी भूमिका और देश की सेवा के प्रति उनके समर्पण का जिक्र किया. सभी ने उनके अच्छे स्वास्थ्य, लंबी उम्र और भविष्य में भी देश के लिए काम करते रहने की कामना की.

नितिन नवीन ने बताया प्रेरणास्रोत

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोशल मीडिया पर अपने संदेश में अमित शाह को जन्मदिन की बधाई दी. उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित के प्रति शाह का समर्पण और पार्टी संगठन को मजबूत बनाने में उनका योगदान सभी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा देता है. नवीन ने ईश्वर से उनके उत्तम स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वह आगे भी पूरी क्षमता के साथ देश की सेवा करते रहेंगे.

विनोद तावड़े ने सुरक्षा और सहकारिता क्षेत्र का किया जिक्र

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद विनोद तावड़े ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अमित शाह को शुभकामनाएं दीं. अपने संदेश में उन्होंने शाह को कुशल संगठनकर्ता बताते हुए देश को घुसपैठ और नशे की समस्या से मुक्त बनाने के प्रयासों का उल्लेख किया. साथ ही, सहकारिता क्षेत्र में नए प्रयोगों को बढ़ावा देने में उनकी भूमिका की भी सराहना की.

तावड़े ने कहा कि उनके नेतृत्व में भारत की सुरक्षा और समृद्धि को लेकर काम हो रहा है. उन्होंने यह भी लिखा कि देशविरोधी ताकतों को देश के भीतर और बाहर जवाब देने के प्रयास जारी हैं. तावड़े ने भगवान सोमनाथ से अमित शाह के स्वस्थ और मंगलमय जीवन की प्रार्थना की.

कई वरिष्ठ नेताओं ने दी जन्मदिन की शुभकामनाएं

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सदस्य संजय भाटिया ने अमित शाह को भारतीय राजनीति का ‘चाणक्य’ बताते हुए जन्मदिन की बधाई दी. वहीं, पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री और लोकसभा सांसद गजेंद्र सिंह पटेल ने उन्हें लोकप्रिय जननेता और कुशल संगठनकर्ता बताया. पटेल ने मां नर्मदा से उनके अच्छे स्वास्थ्य, दीर्घायु और देशसेवा के संकल्पों की पूर्ति की कामना की.

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव हरीश द्विवेदी ने अपने संदेश में अमित शाह की राजनीतिक रणनीति और दूरदर्शिता का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि शाह अपनी रणनीति के जरिए विपक्ष की कई राजनीतिक चुनौतियों का सामना करते रहे हैं. द्विवेदी ने उनके लंबे और सफल जीवन की कामना भी की.

इसी तरह, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सदस्य सतीश पूनिया ने अमित शाह को पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बताया. उन्होंने उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति का जिक्र करते हुए उम्मीद जताई कि शाह जनसेवा और देश की प्रगति में आगे भी योगदान देते रहेंगे.

राष्ट्र की एकता और जनसेवा पर दिया जोर

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और लोकसभा सांसद बिप्लब कुमार देब ने भी अमित शाह को जन्मदिन की बधाई दी. उन्होंने अपने संदेश में शाह के नेतृत्व, कार्यशैली और दूरदर्शिता का उल्लेख करते हुए कहा कि राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने के साथ मजबूत भारत के निर्माण के प्रति उनका समर्पण प्रेरणादायक है. देब ने माता त्रिपुरसुंदरी से उनके अच्छे स्वास्थ्य, लंबी उम्र और लगातार जनसेवा करते रहने की शक्ति की प्रार्थना की.

वहीं, केंद्रीय गृह राज्यमंत्री संजय बंडी ने अमित शाह को शुभकामनाएं देते हुए मां दुर्गा से उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की. उन्होंने कहा कि अमित शाह आने वाले कई वर्षों तक इसी तरह भारत की सेवा करते रहें.

यह भी पढ़ें- बायोकेमिस्ट्री के छात्र से देश के सबसे ताकतवर गृह मंत्री तक: जानें अमित शाह के 62वें जन्मदिन पर अनसुने किस्से

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital