IND A vs PAK A: क्रिकेट फैंस को एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला देखने का मौका मिलने वाला है. मेन्स एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में दोनों टीमें आमने-सामने होंगी. एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) ने कतर की राजधानी दोहा में होने वाले इस टूर्नामेंट का शेड्यूल जारी कर दिया है. इंडिया-ए और पाकिस्तान-ए को एक ही ग्रुप में रखा गया है, जिससे दोनों के बीच होने वाले मुकाबले पर अभी से सबकी नजरें टिक गई हैं.
इस दिन होगा भारत-पाकिस्तान का मुकाबला
इंडिया-ए की टीम टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत 20 नवंबर को नेपाल के खिलाफ करेगी. इसके बाद 22 नवंबर को उसका सामना पाकिस्तान-ए से होगा. यह मुकाबला वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. वहीं, इंडिया-ए ग्रुप स्टेज का अपना आखिरी मैच 24 नवंबर को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के खिलाफ खेलेगी.
टूर्नामेंट में कुल आठ टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है. ग्रुप-ए में श्रीलंका-ए, बांग्लादेश-ए, अफगानिस्तान-ए और हॉन्ग कॉन्ग को जगह मिली है. वहीं, ग्रुप-बी में इंडिया-ए, पाकिस्तान-ए, नेपाल और यूएई की टीमें शामिल हैं. सभी टीमें अपने ग्रुप की बाकी टीमों के खिलाफ एक-एक मैच खेलेंगी. दोनों ग्रुप की शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी.
Last edition was a blockbuster and Qatar is ready for another round of fireworks 🧨
𝐓𝐡𝐞 #𝐃𝐏𝐖𝐨𝐫𝐥𝐝𝐌𝐞𝐧𝐬𝐀𝐬𝐢𝐚𝐂𝐮𝐩𝐑𝐢𝐬𝐢𝐧𝐠𝐒𝐭𝐚𝐫𝐬𝟐𝟎𝟐𝟔 𝐫𝐞𝐭𝐮𝐫𝐧𝐬 𝐨𝐧 𝟏𝟗 𝐍𝐨𝐯𝐞𝐦𝐛𝐞𝐫 ⭐
#ACC https://t.co/rCZGF9JCYI
— AsianCricketCouncil (@ACCMedia1) October 24, 2026
कब होगा फाइनल मुकाबला?
एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के सेमीफाइनल मुकाबले 26 और 27 नवंबर को खेले जाएंगे, जबकि खिताबी मुकाबला 29 नवंबर को होगा. टूर्नामेंट के ज्यादातर मैच वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे. कुछ मुकाबले यूनिवर्सिटी ऑफ दोहा फॉर साइंस एंड टेक्नोलॉजी (UDST) क्रिकेट ग्राउंड पर भी खेले जाएंगे. टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच 19 नवंबर को इसी मैदान पर होगा.
पिछले सीजन में वैभव सूर्यवंशी भी थे टीम का हिस्सा
पिछले साल इंडिया-ए की कप्तानी जितेश शर्मा ने की थी और युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी भी टीम में शामिल थे. भारत ने यूएई को 148 रन से हराकर शानदार शुरुआत की थी, लेकिन पाकिस्तान-ए के खिलाफ अगले मुकाबले में आठ विकेट से हार मिली.
ये भी पढ़ें: पाकिस्तान का कैसे हो गया हृदय परिवर्तन? भारत की जीत पर इस दिग्गज ने की खुलकर तारीफ
इसके बाद इंडिया-ए ने ओमान को छह विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई. हालांकि, बांग्लादेश-ए के खिलाफ सेमीफाइनल टाई होने के बाद सुपर ओवर में भारत को हार का सामना करना पड़ा. दूसरी ओर, पाकिस्तान-ए ने फाइनल में बांग्लादेश-ए को सुपर ओवर में हराकर खिताब जीता था. अब 2026 में इंडिया-ए के पास पिछली निराशा को पीछे छोड़ने का मौका होगा.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




