आरा में बेखौफ बदमाशों ने शिक्षक से की चेन छिनतई की कोशिश
Firing In Ara/आशुतोष पाण्डेय: बिहार के भोजपुर जिले के आरा में सुबह-सुबह अपराधियों ने एक शिक्षक को निशाना बनाते हुए फायरिंग कर दी. हालांकि, गोली मिस हो जाने के कारण शिक्षक बाल-बाल बच गए. घटना नवादा थाना क्षेत्र के चंदवा मोड़ स्थित पुलिस लाइन के पास की बताई जा रही है. वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.
मिली जानकारी के अनुसार, बिहिया प्रखंड के एक सरकारी विद्यालय में कार्यरत शिक्षक सुनील पांडेय सुबह टहलने के बाद अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और कथित तौर पर उनके गले पर झपट्टा मारकर चेन छीनने का प्रयास किया.
शिक्षक के आरोप के मुताबिक, इसी बीच एक युवक ने कमर से पिस्तौल निकालकर उन पर गोली चला दी. हालांकि, गोली नहीं चल पाई और उनकी जान बच गई.
डायल 112 और नवादा थाना पुलिस को दी गई सूचना
घटना के तुरंत बाद शिक्षक ने डायल 112 और नवादा थाना पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके.
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर मामला चेन छिनतई के प्रयास से जुड़ा बताया जा रहा है. घटना में शामिल दोनों युवकों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है.
ये भी पढ़ें- कर्नाटक में दूध हुआ महंगा, 8 रुपये प्रति लीटर बढ़े दाम, 1 नवंबर से लागू होंगी नई कीमतें
सुबह की सैर पर निकले लोगों की सुरक्षा पर सवाल
आरा में सुबह की सैर के दौरान शिक्षक को निशाना बनाए जाने की इस घटना ने आम लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है. अब देखना होगा कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों तक कब तक पहुंच पाती है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



