Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

1 नवंबर को दिल्ली में थमेगी रफ्तार! INDIA गठबंधन की रैली को लेकर रूट डायवर्जन लागू

1 नवंबर को रामलीला मैदान में INDIA ब्लॉक की रैली के चलते दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है. मध्य दिल्ली के कई रास्ते सुबह 10 से शाम 5 बजे तक प्रभावित रहेंगे.

Delhi Traffic Advisory INDIA Alliance Ramlila Maidan Rally Route Diversions

INDIA Alliance Ramlila Maidan Rally: 1 नवंबर 2026 को राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में विपक्षी दलों के INDIA गठबंधन की बड़ी रैली होने जा रही है. वोट चोरी, वोटर लिस्ट में धांधली और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर बुलाई गई इस महारैली के चलते मध्य दिल्ली की सड़कों पर भारी जाम लगने की आशंका है. इस स्थिति से निपटने और आम जनता को सहूलियत देने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विस्तृत एडवाइजरी जारी की है. शनिवार को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक रामलीला मैदान के आसपास के कई मुख्य मार्गों पर डायवर्जन और ट्रैफिक प्रतिबंध लागू रहेंगे.

इन सड़कों पर रहेगा भारी जाम और रूट डायवर्जन

पुलिस के मुताबिक, रैली के दौरान दिल्ली गेट, आईटीओ ए-प्वाइंट, राजघाट, अजमेरी गेट, रणजीत सिंह फ्लाईओवर, तुर्कमान गेट, झंडेवालान गोलचक्कर और मीरदर्द चौक जैसे प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक को जरूरत के हिसाब से दूसरे रास्तों पर मोड़ा जाएगा.

बहादुर शाह जफर मार्ग, जवाहरलाल नेहरू मार्ग, मिंटो रोड, बाराखंभा रोड और देशबंधु गुप्ता रोड पर गाड़ियों की आवाजाही सबसे ज्यादा प्रभावित हो सकती है. इसके अलावा दोपहर 12 बजे मिंटो रोड से रामलीला मैदान तक प्रस्तावित मार्च के कारण भी ट्रैफिक धीमी रफ्तार से चलेगा. हालांकि, राहत की बात यह है कि एलएनजेपी अस्पताल जाने वाले मरीजों और एंबुलेंस के लिए एक अलग कॉरिडोर बनाया गया है ताकि आपातकालीन सेवाएं प्रभावित न हों.

रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्री समय से पहले निकलें

ट्रैफिक पुलिस ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले यात्रियों को घर से समय से पहले निकलने की सख्त सलाह दी है. डीबीजी रोड की तरफ से आने वाले लोग चेल्म्सफोर्ड रोड, कनॉट प्लेस आउटर सर्कल और भवभूति मार्ग का रूट चुन सकते हैं. वहीं, पूर्वी दिल्ली की ओर से आने वाले यात्रियों को आईटीओ और दीनदयाल उपाध्याय मार्ग से होकर स्टेशन पहुंचने का सुझाव दिया गया है.

रैली में शामिल होने वाली गाड़ियों के लिए राजघाट, रेलवे पार्किंग और डीएमआरसी की पार्किंग जगहों को रिजर्व किया गया है. ट्रैफिक कंट्रोल करने के लिए मध्य दिल्ली में अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है.

यह भी पढ़ें: मामूली टक्कर के बाद ट्रैफिक कांस्टेबल से उलझी BMW सवार महिला

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital