गोरखपुर दौरे पर सीएम योगी आदित्यनाथ विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण- शिलान्यास
Yogi Adityanath: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने गृह जनपद गोरखपुर को दिवाली से ठीक पहले एक बड़ी सौगात दी है. सीएम योगी ने जिले के लिए 1,663 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली कुल 88 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इन परियोजनाओं में मुख्य रूप से रोड कनेक्टिविटी, अत्याधुनिक सीवरेज सिस्टम, बाढ़ बचाव और जल निकासी से जुड़े बड़े कार्य शामिल हैं जो आने वाले समय में गोरखपुर की तस्वीर बदल देंगे.
सीएम योगी ने अपने गोरखपुर दौरे की शुरुआत ऐतिहासिक चौरी-चौरा विधानसभा क्षेत्र से की. यहां आयोजित एक भव्य जनसमारोह में उन्होंने 287.56 करोड़ रुपये की 84 विकास परियोजनाओं की सौगात दी. कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री ने चौरी-चौरा शहीद स्मारक जाकर देश के अमर बलिदानियों को श्रद्धासुमन भी अर्पित किए.
जनता को मिलेगी जाम से मुक्ति
चौरी-चौरा क्षेत्र के लोगों के लिए सबसे बड़ी राहत की खबर गोरखपुर-भटनी रेल खंड पर स्थित भोपा बाजार रेलवे क्रॉसिंग पर बने नए रेल ओवरब्रिज (ROB) का उद्घाटन रहा. करीब 59.44 करोड़ रुपये की लागत से बने इस ओवरब्रिज के शुरू होने से स्थानीय जनता और राहगीरों को सालों से लगने वाले भीषण ट्रैफिक जाम से हमेशा के लिए मुक्ति मिल जाएगी.
Gorakhpur, Uttar Pradesh: CM Yogi Adityanath attends the inauguration and foundation stone-laying ceremony for several projects, including a railway overbridge, in the Chauri Chaura area.
(Source: CM Yogi Adityanath) https://t.co/Oeq65orSPg
— IANS (@ians_india) November 1, 2026
गोड़धोइया नाला और मेगा सीवरेज प्रोजेक्ट का शिलान्यास
चौरी-चौरा के बाद सीएम योगी का दूसरा बड़ा पड़ाव गोड़धोइया नाला परियोजना रहा. मुख्यमंत्री ने शहर की जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 495.24 करोड़ रुपये की लागत से तैयार गोड़धोइया नाला परियोजना के पहले चरण का लोकार्पण किया.
इसके साथ ही उन्होंने इस महापरियोजना के दूसरे चरण (92.72 करोड़ रुपये), नाले के किनारे बनने वाली चमचमाती सड़क (65.93 करोड़ रुपये) और 721.40 करोड़ रुपये की लागत वाली गोरखपुर सीवरेज योजना (जोन ए-3) की आधारशिला भी रखी. इस सीवरेज प्रोजेक्ट के तहत करीब 350 किलोमीटर लंबी सीवर लाइन बिछाई जाएगी, जिससे शहर के 17 वार्डों के लाखों निवासियों को जलभराव और गंदगी से निजात मिलेगी.
ये भी पढ़ें- ‘अखिलेश यादव PDA के दुश्मन’ स्वामी प्रसाद मौर्य का तीखा हमला, कहा- न ये पिद्दी हैं, न पिद्दी का शोरबा
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गोरखपुर अब पिछड़ेपन से निकलकर बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, शिक्षा और कनेक्टिविटी के मामले में एक नए दौर में प्रवेश कर चुका है. उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को तय समय सीमा के भीतर सभी शिलान्यास वाली परियोजनाओं को पूरी गुणवत्ता के साथ पूरा करने के कड़े निर्देश भी दिए.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.






